April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

दुर्गापुर एक्सप्रेस वे पर सौरव गांगुली की कार का भीषण एक्सीडेंट, बाल-बाल बचे पूर्व कप्तान, अचानक ऐसे हुई दुर्घटना

नईदिल्ली: भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली की कार गुरुवार को दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर एक हादसे का शिकार हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब सौरव गांगुली एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बर्दवान जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दंतनपुर के पास एक ट्रक अचानक उनके काफिले के सामने आ गया, जिससे उनके ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। इस वजह से पीछे आ रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं और उनमें से एक गाड़ी सौरव गांगुली की कार से टकरा गई।

गनीमत है कि इस हादसे में सौरव गांगुली और उनके काफिले में शामिल किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। लेकिन गांगुली के काफिले की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त बताई जा रही हैं।

हादसे के बाद सौरव गांगुली को करीब 10 मिनट तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद वह कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए औऱ बर्दवान विश्वविद्यालय में आयोजित प्रोग्राम में शामिल हुए।

दादपुर थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में सौरव गांगुली की कार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सौरव को भी कोई चोट नहीं आई। काफिले में शामिल दो वाहनों की टक्कर में मामूली क्षति हुई। हालांकि, ड्राइवरों को कोई चोट नहीं आई। सभी लोग स्वस्थ हैं।

इसके बाद महाराज ने बर्दवान विश्वविद्यालय के गोलापबाग परिसर के सभागार में छात्रों के कई सवालों के जवाब दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय के मोहन बागान मैदान का भी दौरा किया। वहां से बर्दवान के राधारानी स्टेडियम गए। वहां, सौरव को बर्दवान खेल संघ द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सौरव ने कहा, ”मैं अभिभूत हूं। बर्दवान आकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुझे और भी खुशी है कि आपने मुझे आमंत्रित किया। काफी समय से बीडीएस (बर्दवान स्पोर्ट्स एसोसिएशन) मुझे आने के लिए कह रहा था। आज यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। सीएबी 50 सालों से बर्दवान खेल संगठन के साथ काम कर रहा है। जिले से कई खिलाड़ी उभर कर सामने आये हैं। हमें भविष्य में भी इसी तरह से जिले से खिलाड़ियों की भर्ती करनी होगी।”

बता दें कि सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष हैं। उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे आक्रामक और प्रभावशाली कप्तानों में गिना जाता है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने विदेशों में शानदार प्रदर्शन किया और कई ऐतिहासिक जीत दर्ज कीं।

Share to...