नईदिल्ली: दिल्ली एनसीआर में आज सोमवार तड़के 5 बजकर 36 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गई है। लोगों के मुताबिक भूकंप के झटके कई सेकेंड तक महसूस किए गए।
वहीं दहशत की वजह से लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। इसका केंद्र दिल्ली के धौला कुआं में धरती से 5 किलोमीटर की गहराई में था। इसीलिए झटके इतना ज्यादा तेज महसूस हुए।
एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र धौला कुआं में दुर्गाबाई देशमुख कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन के पास था। इस क्षेत्र के पास एक झील है, जहां हर दो से तीन साल में एक बार छोटे, कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके लगते रहते हैं। उन्होंने कहा कि 2015 में यहां 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।।अधिकारी ने बताया कि भूकंप आने पर तेज आवाज भी सुनी गई।
बता दें कि बहुत सालों बाद दिल्ली-एनसीआर में इतना तेज भूकंप का झटका महसूस किया गया है। हालांकि फिलहाल अभी तक इस भूकंप में किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। भूकंप के झटके दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत अलग-अलग इलाकों में महसूस किए गए।
दिल्ली स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ के बाद यात्रियों में वैसे ही डर का माहौल है। ऐसे में आज आए तेज भूकंप के झटकों ने उनके मन में और दहशत भर दी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक विक्रेता अनीश ने कहा कि सब कुछ हिल रहा था। ग्राहक डर कर चिल्लाने लगे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने भूकंप के झटकों को याद करते हुए कहा कि यह कम समय के लिए था, लेकिन तीव्रता बहुत अधिक थी। ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन बहुत तेज गति से आई हो। वहीं एक अन्य यात्री ने कहा, “हमें ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन यहां जमीन के नीचे चल रही हो, सब कुछ हिल रहा था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ही अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा, “मैं वेटिंग लाउंज में था। अचानक सभी लोग वहां से भागे। ऐसा लगा जैसे कोई पुल या कोई चीज गिर गई हो।
गाजियाबाद के एक निवासी ने कहा कि भूकंप के झटके इतने तेज थे कि मैंने पहले कभी ऐसा महसूस नहीं किया। पूरी इमारत हिल रही थी।
फिलहाल भूकंप से किसी नुकसान की खबर नही आई हैं। परन्तु भूकंप के झटकों से लोगो मे भारी दहशत स्पष्ट रूप से देखी गई हैं।

More Stories
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर
पश्चिम बंगाल में पहले चरण व तमिलनाडु की सभी सीटों पर मतदान जारी, मतदाताओं में उत्साह, लगी कतारे
इंदौर ने फिर रचा इतिहास – पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में इंदौर देश में प्रथम स्थान पर