April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

दिल्‍ली में बढ़ेगी ठंड, IMD ने इन राज्‍यों के लिए जारी किया घने कोहरे, बारिश और शीतलहर का अलर्ट

नईदिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक मध्य प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा जैसे राज्यों में सात दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। यूपी के विभिन्न जिलों के अलावा अन्‍य कई राज्यों में घने कोहरे और हल्की बारिश की चेतावनी दी जारी की गई है।मौसम विभाग का पुर्नानुमान है कि अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

राजधानी दिल्‍ली के मौसम की बात करें तो आज शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। सोमवार को रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण दिल्‍ली में ठंड बढ़ गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों में 24-26 दिसंबर के दौरान शीत लहर से लेकर भीषण शीत लहर की स्थिति होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने दिल्‍ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिससे राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, सुबह कोहरा और धुंध की संभावना है। कोहरा छाए रहने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो सकती है। आज दिल्‍ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री गिरावट आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ है, जिसके कारण पंजाब और हरियाणा के आस-पास के क्षेत्रों के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में मौसम खराब रहेगा। शीतलहर चलने के कारण ठंड बढ़ेगी और कोहरा और धुंध छायी रहने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग में निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है। 24 दिसंबर तक इसके उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों के पास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम तक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 24 दिसंबर से जम्मू-कश्मीर में भीषण शीतलहर की भविष्यवाणी की है। तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान है। उत्तराखंड में भी 24 दिसंबर को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में हल्की बारिश और ऊंचे हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है।

Share to...