April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भारतीय स्टार ऑफ स्पिनर अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की, गाबा टेस्ट के बाद लिया फैसला

भारत के ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। अश्विन ने गाबा टेस्ट खत्म होते ही रिटायरमेंट का ऐलान किया। रविचंद्रन अश्विन भारतीय टेस्ट इतिहास के अब तक के सबसे कामयाब गेंदबाजों में से एक रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें अभी तक एक ही मैच खेलने का मौक़ा मिला है। एडिलेड के बाद वे गाबा टेस्ट से बाहर हो गए थे। गाबा टेस्ट के दौरान अश्विन टीम इंडिया के खिलाड़ियों को गले लगाते हुए नजर आए। उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को गले लगाया। हेड कोच गंभीर से भी अश्विन ने काफी देर तक बातचीत की और फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकर उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया।

38 साल के अश्विन भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके नाम कुल 537 टेस्ट विकेट हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट 37 बार अपने नाम किए। वहीं वो सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड (11 बार) अपने नाम कर चुके हैं, जो मुरलीधरन के बराबर है। स्पिनर के तौर पर उनका बॉलिंग स्ट्राइक रेट 50.7 (200+ विकेट) है, जो सर्वाधिक है।

रविचंद्रन अश्विन का टेस्ट में बॉलिंग रिकॉर्ड काफी शानदार रहा। तमिलनाडु के इस स्पिनर ने नवंबर 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और तब से लगातार टेस्ट टीम में बने रहे अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में 24.00 की औसत से 537 विकेट चटकाए हैं, इस दौरान अश्विन ने 37 बार पारी में पांच विकेट हॉल लिए। वहीं 8 बार मुकाबले में 10 विकेट हासिल किए। पारी में उनका बेस्ट प्रदर्शन 7/59 है जबकि किसी टेस्ट मैच में उनका बेस्ट प्रदर्शन 13/140 रहा हैं।

अश्विन ने 116 वनडे इंटरनेशनल में 33.20 की औसत 156 विकेट चटकाए हैं। ओडीआई में उनका बेस्ट बॉलिंग विश्लेषण 25 रन देकर चार विकेट रहा। उधर अश्विन ने 65 टी20 इंटरनेशनल में 23.22 की औसत से 72 विकेट अपने नाम किए। उनका टी20 इंटरनेशनल में बेस्ट प्रदर्शन आठ रन देकर चार विकेट रहा है।

अगर बल्लेबाजी रिकॉर्ड की बात करें तो अश्विन खासकर टेस्ट मैचों में काफी बेहतरीन रहे। अश्विन ने 151 टेस्ट पारियों में 25.75 की औसत से 3503 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 14 अर्धशतक निकले वहीं वनडे इंटरनेशनल में उनके नाम 63 पारियों में 707 रन दर्ज हैं। वहीं, टी20 इंटरनेशनल में अश्विन 19 पारियों में 184 रन ही बना सके।

Share to...