April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं केंद्रीय मंत्री नड्डा ने श्री महाकालेश्वर मंदिर में लड्डू प्रसाद वेंडिंग ए.टी.एम. का शुभारंभ किया

उज्जैन(डॉ हीना तिवारी): मप्र के उज्जैन में स्थित विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने लड्डू प्रसाद वेंडिंग एटीएम मशीन का शुभारंभ किया। लड्डू प्रसाद वेंडिंग एटीम के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसाद सुविधापूर्वक प्राप्त होगा।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन,जलाभिषेक उपरांत लड्डू प्रसाद वैंडिंग ए. टी.एम. मशीन का शुभारंभ किया गया ।

लड्डू प्रसाद वेंडिंग एटीम मशीन  द्वारा क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट करने के उपरांत प्रसाद के कूप से लड्डू का पैकेट मशीन से बाहर निकलेगा। मंदिर समिति ने कोयंबटूर की 5G टेक्नोलॉजी कंपनी द्वारा यह ऑटोमेटिक मशीन ली गई है।

मंदिर प्रबंध समिति द्वारा मशीन हेतु की जा रही प्रक्रिया के दौरान श्री महाकालेश्वर भगवान के भक्त द्वारा गुप्त दान में लड्डू प्रसाद वैंडिंग मशीन देने की मंशा जाहिर की गई। जिसे प्रबंध समिति द्वारा सहर्ष स्वीकार किया गया। इस मशीन के द्वारा 100 ग्राम, 200 ग्राम और 500 ग्राम लड्डू के पैकेट श्रद्धालु प्राप्त कर सकेंगे। मशीन की लागत अनुमानित रुपये 02 लाख 50 हज़ार है।

उल्लेखनीय है कि, विश्व प्रसिद्ध बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक दक्षिणमुखी भगवान श्री महाकालेश्वर मन्दिर में प्रबंध समिति द्वारा लड्डू प्रसाद निर्माण इकाई एवं नि:शुल्क अन्नक्षेत्र संचालित किया जा रहा है। मंदिर के लड्डू प्रसाद एवं अन्नक्षेत्र में नि:शुल्क भोजन प्रसादी को एफएसएसएआई द्वारा  5 स्टार रेटिंग के दर्जे में शामिल कर भारत सरकार द्वारा प्रमाण-पत्र जारी किया जा  चुका है। वर्ष 2021 में सम्पूर्ण भारत में श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति द्वारा लड्डू प्रसाद के क्षेत्र में हाईजिनिंक उत्कृष्टता में 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाला सम्भवतः प्रथम धार्मिक संस्थान है और नि:शुल्क अन्नक्षेत्र हाईजिनिक उत्कृष्टता 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाला धार्मिक संस्थानों में तीसरा संस्थान है। विगत दिनों भारत सरकार की एफ.एस.एस.ए.आई. द्वारा उक्त दोनों इकाईयों में विभिन्न बिन्दुओं पर निरीक्षण कर ऑडिट किया गया और मूल्यांकन उपरान्त दोनों इकाईयों को उत्कृष्ट माना गया। श्री महाकालेश्‍वर मंदिर प्रबंध समिति को सेफ भोग प्‍लेस का प्रमाण पत्र भी प्राप्‍त है।

इस अवसर पर उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव,जनप्रतिनिधि संजय अग्रवाल, विवेक जोशी, बहादुरसिंह बोरमुण्डला , संभागायुक्त संजय गुप्ता, एडीजीपी उमेश जोगा, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक श्री गणेश कुमार धाकड़ आदि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share to...