उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता, पूनमचंद यादव का आज मंगलवार को निधन हो गया। उनकी उम्र लगभग 100 वर्ष थी और वे पिछले एक हफ्ते से बीमार चल रहे थे। इलाज के लिए उन्हें उज्जैन के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था।
सोमवार को ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके बेटे महा आर्यमन सिंधिया ने अस्पताल जाकर पूनमचंद यादव की तबियत पूछी थी। इससे एक दिन पहले, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अपने पिता के पास गए थे।
यादव समाज के लोगों के अनुसार, पूनमचंद यादव ने जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने अपने चार बच्चों—नंदू यादव, नारायण यादव, मोहन यादव और बेटियों कलावती तथा शांति देवी को शिक्षा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संघर्ष के दिनों में वे रतलाम से उज्जैन आकर हीरा मिल में काम करने लगे। इसके बाद, उन्होंने उज्जैन के मालीपुरा क्षेत्र में भजिया और फ्रीगंज में दाल-बाफले की दुकान खोली। 100 वर्ष की उम्र के बावजूद, वे खुद मंडी जाकर उपज बेचते थे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अपने पिता के निधन की जानकारी मिलते ही भोपाल स्टेट हैंगर से इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं। वह इंदौर आकर सड़क मार्ग से उज्जैन पहुचेंगे।
सीएम के पिता पूनमचंद यादव के निधन पर भाजपा नेताओ कार्यकर्त्ताओं ने शोक व्यक्त किया है। सीएम डॉ मोहन यादव के पिताजी के निधन पर मप्र के पूर्व सीएम व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के पूज्य पिताजी श्री पूनम चंद जी यादव के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है।
सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस विकट घड़ी में मेरी संवदेनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव आपके साथ है।
बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
ॐ शांति!
वही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी है। कई भाजपा नेताओं ने शोक व्यक्त कर श्रध्दांजली अर्पित की है।

More Stories
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल
अक्षय तृतीया पर श्री महाकालेश्वर को 22 लाख का महाभोग: पुणे के परिवार ने अर्पित किए 1250 किलो हापुस आम और 1250 ग्राम केसर
मौसम विभाग ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी चलने व कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट किया जारी