नईदिल्ली: राज्यसभा उपचुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने 8 राज्यों की 9 राज्यसभा सीटों के लिए ये सूची जारी की। किरण चौधरी को हरियाणा से तो केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को राजस्थान से उम्मीदवार बनाया गया है।
दरअसल, 9 राज्यों की 12 राज्यसभा सीटों के लिए 3 सितंबर को मतदान होना है। चुनाव आयोग ने इसके कार्यक्रम की भी घोषणा कर दी है। इसके बाद बीजेपी ने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। पार्टी ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अलग-अलग राज्यो में होने वाले आगामी राज्यसभा के उप चुनाव के लिए कुछ नामों पर स्वीकृति दी है।
असम से मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली, बिहार से मनन कुमार मिश्रा, हरियाणा से किरण चौधरी, मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता, राजस्थान से सरदार रवनीत सिंह बिट्टू और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्जी को उम्मीदवार बनाया है। यहां बता दें कि रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब से लोकसभा चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए इसके बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद जब शपथ ग्रहण हुआ तो बिट्टू ने मंत्री पद की शपथ ली थी।
बता दे कि महाराष्ट्र में 2, बिहार में 2, असम में 2 सीटें खाली हैं। वहीं, त्रिपुरा, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में एक-एक सीट खाली है। इन 12 सीटों में 10 सीटें ऐसी हैं जो सदस्यों के लोकसभा चुनाव लड़ने के बाद खाली हुईं, जबकि ओडिशा और तेलंगाना में राज्यसभा सदस्यों ने एक पार्टी से इस्तीफा देकर दूसरी पार्टी ज्वाइन की और सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) की सांसद ममता मोहंता ने नवीन पटनायक का साथ छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था और सदस्यता छोड़ी थी, तेलंगाना में केशव राव ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन की थी तो ऐसे में उन्होंने राज्यसभा सदस्यता छोड़ दी।

More Stories
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित
भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिवंश नारायण सिंह तीसरी बार निर्विरोध चुने गए राज्यसभा के उपसभापति, पीएम मोदी ने दी बधाई