पेरिस ओलंपिक 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को लगातार झटके पर झटके लग रहे हैं। कल यानी 1 अगस्त को जहाँ बॉक्सर निकहत जरीन, बैडमिंटन में सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी के बाद दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारत की पीवी सिंधु को पेरिस ओलंपिक 2024 की बैडमिंटन महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। सिंधु को चीन की ही बिंग जियाओ ने सीधे गेम में पराजित किया।
इस हार से सिंधु का लगातार तीन ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनने का सपना भी टूट गया। दसवीं वरीय सिंधु को 56 मिनट तक चले मुकाबले में चीन की छठी वरीय खिलाड़ी के खिलाफ 19-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
रियो ओलंपिक 2016 की रजत और टोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता सिंधु की बिंग जियाओ के खिलाफ 21 मैच में 12वीं हार है। बिंग जियाओ ने इसके साथ ही भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक के मुकाबले में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक 2020 के कांस्य पदक के मुकाबले में एक अगस्त को ही बिंग जियाओ को हराकर कांस्य पदक जीता था।
मुकाबले में सिंधु की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्हें कुछ सहज गलतियां की जबकि बिंग जियाओ ने कुछ सटीक स्मैश लगाए जिससे चीन की खिलाड़ी 5-1 की बढ़त बनाने में सफल रही। सिंधु को कोर्ट पर मूवमेंट में दिक्कत हो रही थी और उन्होंने कुछ शॉट बाहर मारकर चीन की खिलाड़ी को 7-2 की बढ़त बनाने का मौका दिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद कुछ अच्छे अंक जुटाकर वापसी की कोशिश की लेकिन बिंग जियाओ ब्रेक तक 11-8 से आगे रहीं। सिंधु ने चीन की खिलाड़ी पर दबाव बनाया। उन्हें किस्मत का भी फायदा मिला जब तीन बेहद करीबी अंक उनके पक्ष में गए जिससे सिंधु 12-12 पर बराबरी हासिल करने में सफल रहीं। चीन की खिलाड़ी ने भी दबाव में कुछ गलतियां की लेकिन फिर लगातार तीन अंक के साथ 17-14 की बढ़त बनाई। बिंग जियाओ ने सिंधु के शरीर पर स्मैश के साथ 19-17 की बढ़त बनाई। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दो अंक के साथ स्कोर 19-19 किया। चीन की खिलाड़ी ने लाइन पर शॉट मारकर एक गेम प्वाइंट हासिल किया और फिर लंबी रैली के बाद क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ पहला गेम 30 मिनट में 21-19 से जीत लिया। दूसरे गेम में भी बिंग जियाओ ने अपने स्मैश से सिंधु को परेशान किया और लगातार छह अंक के साथ 8-2 की बढ़त बनाने में सफल रहीं। सिंधु ने लगातार तीन अंक के साथ स्कोर 5-8 किया लेकिन बिंग जियाओ ने लगातार पांच अंक के साथ 13-5 की मजबूत बढ़त बना ली। सिंधु ने बीच में कुछ शॉट बाहर मारे जिससे चीन की खिलाड़ी ने स्कोर 16-8 किया। सिंधु के शॉट बाहर मारने से बिंग जियाओ ने बढ़त 19-11 की। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जुटाए लेकिन फिर बिंग जियाओ ने कोर्ट के आखिरी हिस्से में शॉट खेलकर सात मैच प्वाइंट हासिल किए। सिंधु ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन फिर शॉट बाहर मारकर गेम और मैच बिंग जियाओ की झोली में डाल दिया।

More Stories
मुंबई में बिरयानी और तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, फूड पॉइजनिंग से गई जान, पुलिस जाँच जारी
IMD ने जारी किया देश के 11 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, 70 KM की स्पीड से चलेगी हवा
ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में मप्र के खिलाड़ी हेमंत बर्मन का उत्कृष्ट प्रदर्शन, 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में जीता रजत पदक