April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गुजरात के आणंद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और लग्जरी बस की टक्कर में 6 लोगों की मौत इतने लोग हुए घायल

गुजरात: गुजरात के आणंद जिले में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेस-वे पर ट्रक और लग्जरी बस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह लग्जरी बस महाराष्ट्र से राजस्थान जा रही थी तभी सुबह करीब साढ़े चार बजे आणंद के पास एक्सप्रेस हाईवे पर यह हादसा हुआ है। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। सभी घायलों को आणंद के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जब ये हादसा हुआ, उस समय लग्जरी बस पंचर हो गई थी और हाईवे के किनारे खड़ी हुई थी। ड्राइवर, क्लीनर और यात्री बस के नीचे खड़े हुए थे तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में छह लोगों की जान चली गई। हाईवे पर सड़क हादसे की खबर मिलते ही आणंद फायर ब्रिगेड, एक्सप्रेस हाईवे पेट्रोलिंग की टीम और आणंद रूरल पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और यात्रियों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल सभी घायलों का अस्पतालों में ईलाज जारी हैं। वही मृतकों के शवों को पीएम रूम में रखवाया गया हैं जहाँ मृतकों के शव पीएम के बाद परिजनों को सौपे जाएंगे। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हैं।

Share to...