कुवैत में आग लगने की घटना में मारे गए 45 भारतीयों के पार्थिव शरीर को लेकर भारतीय वायुसेना का एक विशेष विमान आज कोच्चि पहुंच गया है।
आपको बता दें इस विमान में राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए कुवैत के अधिकारियों के साथ लगातार कॉर्डिनेट किया।
कुवैत में भारतीय दूतावास ने कहा, “कुवैत में अग्निकांड में 45 भारतीय पीड़ितों के पार्थिव शरीरों को लेकर वायुसेना का एक विशेष विमान कोच्चि पहुंच गया है।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह जिन्होंने कुवैती अधिकारियों के साथ समन्वय कर शीघ्र वापसी सुनिश्चित की, विमान में सवार हैं।”
आपको बता दें की बुधवार को कुवैत के मंगफ शहर में एक छह मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई।
दूतावास ने कहा कि इमारत में 176 भारतीय कर्मचारी थे, जिनमें से 45 की मौत हो गई और 33 को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों में केरल के 23, तमिलनाडु के सात, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के तीन-तीन, ओडिशा के दो और बिहार, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड तथा हरियाणा के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
कोच्चि एयरपोर्ट से सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके घर भेजा जाएगा।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख जताया। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में इस घटना के बाद स्थिति की समीक्षा की। इस घटना पर उन्होंने दुख जताते हुए मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि घोषित की।

More Stories
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में ऊर्जा विभाग बना नबंर-1 : ऊर्जा मंत्री तोमर
इंदौर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, 12 मकान हटाए गए
जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ़ मध्यप्रदेश (जम्प) द्वारा राज्य स्तरीय पत्रकार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन