April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

फैसले से नाराज आरोपी ने कोर्ट में जज पर फेंकी जूतों की माला, वकीलों ने की धुनाई

इंदौर: इंदौर जिला कोर्ट में आज मंगलवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान मजिस्ट्रेट पर आरोपी ने जूतों की माला फैंक दी। जिसके बाद कोर्ट में मौजूद वकीलों ने आरोपी और उसके बेटे की कोर्ट रूम में ही धुनाई कर दी। सूचना के बाद एम जी रोड थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंचा लेकिन कोर्ट के बाहर खड़े वकीलों ने आरोपी को निकलने नहीं दिया, बमुश्किल पुलिस आरोपी को कोर्ट के बाहर लेकर आई और थाने पहुंचाया।

दरअसल मामला इंदौर के जिला कोर्ट का है। जहां कोर्ट क्रमांक 40 में उन्नीसवे सत्र न्यायाधीश विजय दांगी जमीन से जुड़े एक मामले की सुनवाई कर रहे थे, जिसमें सलीम बनाम सईद के खिलाफ सुनवाई हो रही थी। तभी अचानक मोहम्मद सईद ने न्यायाधीश द्वारा सुनाए गए फैसले पर विरोध जताया और पहले से तैयार कर लाई गई जूते की माला न्यायाधीश पर फेंक दी। जिसके बाद कोर्ट रूम में मौजूद मजिस्ट्रेट दांगी के सहायकों ने तुरंत सईद और उसके बेटे को पकड़ लिया, जहां वकीलों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी।

मामले की सूचना तुरंत क्षेत्रीय थाने एम जी रोड पुलिस को दी गईं। जिसके बाद क्षेत्रीय एसीपी और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को निकालने का प्रयास किया जहां वकीलों ने कोर्ट रूम का घेराव कर लिया और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की, करीब आधे घंटे बाद पुलिस फोर्स की मदद से आरोपियों को कोर्ट रूम से निकालकर एम जी रोड थाने लाया गया।

वही कोर्ट रूम में हुई इस घटना से न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पर सवाल खड़े हो रहें हैं।

Share to...