October 3, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

इंदौर को बनाया जायेगा मतदान में नम्बर वन, मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदान दिवस पर मिलेंगे मुफ्त नाश्ता व अन्य

इंदौर: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को स्वच्छता के साथ ही इंदौर को लोकसभा चुनाव के मतदान में नम्बर वन बनाया जायेगा। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए इंदौर में अनेक नवाचार और अनूठी पहल की जा रही है। इसी के तहत आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुये मतदाता जागरूकता संवाद कार्यक्रम में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।

इंदौर शहर के विभिन्न व्यवसायिक संस्थाओं और संगठनों ने निर्णय लिया है कि मतदान दिवस पर 13 मई को मतदान करने वाले मतदाताओं को नि:शुल्क पोहे/जलेबी, आईस्क्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स, नूडल्स और मन्चुरियन खिलाये जायेंगे। साथ ही उन्हें खरीदी पर आकर्षक डिस्काउंट भी दिया जायेगा।

कलेक्टर आशीष सिंह ने इस कार्यक्रम में कहा कि मतदान में इंदौर को नम्बर वन बनाने के लिए हर संभव प्रयास किये जायेगे। जागरूकता के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जायेगा। उन्होंने आग्रह किया कि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में शामिल हो और अपने मताधिकार का उपयोग करें।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का मुख्य आधार है। हर मतदाता को अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करना चाहिये। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदान हो और इंदौर नम्बर वन बने इसके लिए समाज के सभी वर्ग को अपनी महती भूमिका निभाना होगी। मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने हेतु सभी मार्केट एसोसिएशन, खाद्य सामग्री एसोसिएशन, कैफे, मॉल होटल एसोसिएशन आदि संस्था/संगठनों को आगे आना होगा। सभी को अपने-अपने स्तर पर लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मिलकर प्रयास करना होंगे। कलेक्टर आशीष सिंह ने उपस्थित जनों को मतदान करने और दूसरे मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यवसायिक संस्थाओं द्वारा लिये गये निर्णयों की जानकारी दी गई। बताया कि 56 दुकान एसोसिएशन द्वारा 13 मई को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक मतदान कर आने वाले मतदाताओं को नि:शुल्क पोहा/जलेबी खिलाई जायेगी। साथ ही ऐसे युवा मतदाता जिन्होंने पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग किया है उन्हें नि:शुल्क आईस्क्रीम खिलाई जायेगी। इसी तरह च्वाईस चाइनीज सेन्टर कृष्णपुरा छत्री रोड़ पर बजरंग मंदिर के पास द्वारा मतदान कर आने वाले मतदाताओं को नि:शुल्क मन्चुरियन एवं नूडल्स खिलाये जायेंगे। अपना स्वीट्स द्वारा अपने सभी आउटलेट एवं ग्रांड माचल रिसोर्ट में 10 प्रतिशत का आकर्षक डिस्काउंट दिया जायेगा। इसी प्रकार रोहन झाजरिया द्वारा बताया गया कि शहर के चुनिंदा 50-60 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को नि:शुल्क नाश्ता एवं कोल्ड ड्रिंक्स दी जायेगी। इसी तरह होटल एसोसिएशन द्वारा भी आकर्षक डिस्काउंट दिया जायेगा। इसी प्रकार अनेक संस्थाएं भी मतदाताओं को अपने-अपने स्तर पर जागरूक करने के लिए आगे आ रही है।

इस अवसर पर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि इंदौर के मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, बैठक, पीने के ठंडे पानी, पंखे-कूलर आदि की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने आग्रह किया कि मतदान केन्द्रों को और अधिक सुविधा सम्पन्न बनाने के लिए संस्थाएं और संगठन भी अपने स्तर से मदद करें।

इंदौर के एआईसीटीएसएल के सभाकक्ष में सम्पन्न हुये इस कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन सहित अन्य अधिकारी और शहर के विभिन्न मार्केट एसोसिएशन, खाद्य सामग्री एसोसिएशन, कैफे, मॉल होटल एसोसिएशन आदि संस्था/संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share to...