उत्तराखंड: उत्तराखंड के उधम नगर सिंह के नानकमत्ता गुरुद्वारे के डेरा कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गुरुवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। तरसेम सिंह पंजाब और तराई में सिखों के सिरमौर माने जाते थे।
गुरुद्वारे नानकमत्ता साहिब के पास ही डेरा कारसेवा परिसर के भीतर ही उनकी हत्या की गई। उन्हें तड़के छह बजे बाइक सवार हमलावरों ने तीन गोलियां मारी। उन्होंने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि दोनों हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। पुलिस को मामले में अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस को हत्या में अवैध हथियारों के इस्तेमाल की आशंका है।
इस घटना के चश्मदीद गवाह ने बताया कि गुरुवार सुबह जैसे ही बाबा तरसेम सिंह गुरुद्वारा परिसर से बाहर आए। दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उनकी हत्या के बाद से ही अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जुट गई।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक का कहना है कि हमें आज सुबह लगभग छह बजे सूचना मिली थी कि तड़के 6.15 से 6.30 बजे के बीच दो हमलावर नानकमत्ता गुरुद्वारे में घुसे और कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह को गोली मार दी। उन्हें खटीमा के अस्पताल ले जाया गया लेकिन फिर पता चला कि उन्होंने दम तोड़ दिया है। ये बहुत ही गंभीर मामला है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। एसएसपी पहले से ही वहां हैं। डीआईजी भी वहां पहुंच गए। वह घटनास्थल की जांच कर स्थानीय लोगों से बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। इसमें एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के अधिकारी होंगे। एसटीएफ से कहा गया है कि इस मामले की वे प्राथमिकता के तौर पर सभी एंगल से जांच करें। हमने न सिर्फ हमलावरों की पहचान की है बल्कि इस अपराध में बड़ी साजिश का भी पता लगाया है। हम जल्द से जल्द इस मामले को सुलझाकर सख्त कार्रवाई करेंगे।

More Stories
इंदौर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, 12 मकान हटाए गए
जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ़ मध्यप्रदेश (जम्प) द्वारा राज्य स्तरीय पत्रकार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल