अजमेर: राजस्थान के अजमेर में भीषण ट्रेन हादसा हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नही हुई हैं। एक ट्रेन और मालगाड़ी के बीच टक्कर हो गई जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई।
साबरमती-आगरा कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस और मालगाड़ी के बीच अजमेर के मदार रेलवे स्टेशन के पास भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था की साबरमती आगरा केंट सुपर फ़ास्ट एक्सप्रेस के इंजन समेत 4 कोच डिरेल हो गए। यह हादसा रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर मदार स्टेशन के पास तब हुआ जब मालगाड़ी और एक्सप्रेस ट्रेन एक ही ट्रैक पर आ गई।
इसके बाद ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया लेकिन साबरमती एक्सप्रेस की टक्कर मालगाड़ी से हो गई, हादसे के वक्त ट्रेन में हजारों की संख्या में यात्री मौजूद थे। ट्रेन ट्रैक से डिरेल होने के बाद पटरी से काफी दूर पहुंच गई और इलेक्ट्रिक लाइन के लिए लगे खंभे को भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के काफी देर बाद रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया। गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना के बाद यात्रियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ट्रेन करीब 12:55 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन से निकली और कुछ किलोमीटर चलने के बाद यह हादसा हुआ है। हादसे के समय ट्रेन में बैठे लोगों को जबरदस्त झटका लगा और सीटों पर सो रहे बच्चे, महिला और बुजुर्ग सीट से नीचे गिर गए। हादसे के बाद रेल अधिकारियों के देर से घटनास्थल पर पहुंचने पर यात्रियों ने नाराजगी भी जताई।
हादसे के बाद यात्री पैदल ही शहर की और रवाना हो गए। इसके बाद जो यात्री ट्रेन के पास मौजूद थे उन्हें करीब 3:16 बजे ट्रेन के सुरक्षित कोच के साथ में बिठा कर अजमेर जंक्शन के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ट्रैक को क्लियर कराने का काम किया जा रहा है। एडीआरएम बलदेव राम ने बताया की शुरुआती जांच से पता चला है कि एक ही ट्रैक पर दोनों ट्रेनों के आ जाने की वजह से यह हादसा हुआ है।

More Stories
प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री शुभांगी दत्त बाबा महाकाल की भोग आरती में हुए शामिल
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त