भारत और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी करना मालदीव के मंत्रियो को भारी पड़ गया। मालदीव सरकार ने पीएम मोदी और भारत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मंत्री मरियम शिउना, मालशा शरीफ और महज़ूम माजिद को सस्पेंड कर दिया है।
मालदीव सरकार के प्रवक्ता, मंत्री इब्राहिम खलील ने कहा कि विवादित टिप्पणियों के लिए ज़िम्मेदार तीनों मंत्रियों को उनके पद से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
इस मामले में मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि मैं सोशल मीडिया पर मालदीव सरकार के मंत्रियों द्वारा भारत के खिलाफ इस्तेमाल की जा रही घृणास्पद भाषा की निंदा करता हूं। भारत हमेशा मालदीव का एक अच्छा दोस्त रहा है और हमें इस तरह की कठोर टिप्पणियों को हमारे दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती पर नकारात्मक प्रभाव डालने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
बता दें कि मालदीव की महिला मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मुद्दे को भारत ने मालदीव की मोहम्मद मुइज्जू सरकार के समक्ष उठाया था। माले में भारतीय उच्चायुक्त ने मंत्री की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। भारत की आपत्ति के बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी कर कहा था कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है। मंत्री की टिप्पणी मालदीव सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है।
विदित हो कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने लक्षद्वीप का दौरा किया था। इसके बाद उन्हें इस दौरे की तस्वीरे सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इसके साथ ही उन्होंने भारतीयों से अपील की थी कि वह इस आइलैंड पर घूमने का प्लान करें। इसके बाद मालदीव की युवा सशक्तिकरण मामलों की उप मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी के पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी हालांकि जब उनके इस ट्वीट की आलोचना हुई तो उन्होंने इसे डिलीट भी कर दिया था।
मरियम शिउना के इस ट्वीट पर भारत ने आपत्ति जताई तो मालदीव सरकार की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई। मुइज्जु सरकार ने इस मामले को लेकर बयान जारी करते हुए कहा कि मालदीव सरकार विदेशी नेताओं और उच्च पदस्थ व्यक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर अपमानजनक टिप्पणियों से अवगत है। ये राय व्यक्तिगत हैं और मालदीव सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है।
मालदीव नेशनल पार्टी ने भी अपनी सरकार के मंत्रियों द्वारा दिए गए बयानों की आलोचना की है। एक पोस्ट कर मालदीव नेशनल पार्टी ने कहा, ‘एक सरकारी अधिकारी द्वारा एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के खिलाफ की गई नस्लवादी और अपमानजनक टिप्पणियों की मालदीव नेशनल पार्टी निंदा करती है। यह अस्वीकार्य है। हम सरकार से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं।
वही मालदीव के मंत्री द्वारा भारत के बारे में अभद्र कमेंट को सोशल मीडिया पर गंभीरता से लिया गया है, जिसका परिणाम भी देखने को मिल रहा है। मालदीव के मंत्री की टिप्पणी से नाराज बड़ी संख्या में भारतीयों ने मालदीव का टूर कैंसिल कर दिया है।
लोगों ने न सिर्फ अपने टूर कैंसिल किए हैं बल्कि कैंसिलेशन की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करके विरोध भी जताया है। लोगों ने सोशल मीडिया पर आई एम आत्मनिर्भर नाम से पोस्ट किए और कैंसिलेशन की स्क्रीन शॉट भी साझा की है।
मालदीव मंत्री की विवादित टिप्पणी पर भारत के कई दिग्गजों ने भी रिएक्शन दिया है। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और एक्टर जॉन अब्राहम ने भारत के लोगों से कहा कि मालदीव में छुट्टियां बिताने की जगह भारतीय लोकेशन लक्षद्वीप या सिंधूदुर्ग की प्लानिंग करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना इमोशन शेयर किया है।

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर