लद्दाख में एक बड़ा हादसा हो गया। भारतीय सेना का वाहन हादसे का शिकार हो गया। राजधानी लेह के पास क्यारी गांव में सेना का वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में इस ट्रक में सवार एक जूनियर कमिशन ऑफिसर और आठ जवानों कुल 9 की मौत हो गई जबकि एक जवान घायल हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा क्यारी इलाके के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि क्यारी गांव से सात किलोमीटर पहले सेना की गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई और खाई में गिर गई। इस हादसे में आठ जवानों और एक जेसीओ की मौत हो गई है। हादसे में एक जवान घायल भी हुआ है, जिसे इलाज के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है। सेना का ये गश्ती दल कारू से क्यारी की तरफ जा रहा था, तभी ये हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी अनुसार, भारतीय सेना के दस्ते में तीन वाहन शामिल थे। इसमें से सेना का ट्रक हादसे का शिकार हुआ है। इस दस्ते में तीन अफसर, दो जेसीओ और 34 जवान शामिल थे। तीन गाड़ियों के इस दस्ते में एक जिप्सी, एक ट्रक और एक एंबुलेंस थी। लद्दाख के जिस इलाके में ये हादसा हुआ है, वो सुदूर इलाका है।
ये गांव भारत-चीन सीमा पर बने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से सटा हुआ है। इस इलाके में ढेरों खाई हैं। एलएसी के करीब होने की वजह से यहां सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहती है। सेना के कई प्रमुख रेजिमेंट भी यहां मौजूद हैं। चीन के साथ चल रहे तनाव को ध्यान में रखते हुए यहां सैनिकों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने कहा, लेह के पास दुर्घटना से दुख हुआ है। हमने भारतीय सेना के कर्मियों को खो दिया है। राष्ट्र के प्रति उनकी समृद्ध सेवा सदैव याद रखी जायेगी। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। जो लोग घायल हैं वे जल्द से जल्द ठीक हों
लद्दाख में हुए इस हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि लेह के पास हुई दुर्घटना में सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि लद्दाख में दुखद सड़क दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। इस हादसे में हमारे बहादुर सैनिकों ने जान गंवा दी है। दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। मैं उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायल के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि लद्दाख में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
लद्दाख में हुए हादसे पर राजनेताओं के साथ ही सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों के साथ ही देशवासियों ने शोक जताते हुए दिवंगत सैनिकों को श्रध्दांजली अर्पित की है।

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर