April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मणिपुर घटना के मुख्य आरोपी का लोगो ने जलाया घर, बड़ी संख्या में महिलाएं रही भीड़ में शामिल

मणिपुर: मणिपुर में महिलाओं के साथ दरिंदगी करने वाले एक मुख्य आरोपी के घर भीड़ ने आग लगा दी। यह घटना चेकमाई इलाके की है। अचानक से आई भीड़ ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि आगे लगाने वाले लोगों में अधिकतर महिलाएं हैं।

विदित हो कि मणिपुर में महिलाओं को नग्न कर उनके साथ दरिंदगी करते हुए वायरल हुए वीडियो के मामले में मुख्य आरोपी खुयरूम हेरादास को पुलिस ने गुरुवार को थॉउबल जिले से गिरफ्तार किया था। अभी तक पुलिस इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

हेरादास की उम्र 32 साल है। पुलिस ने उसकी पहचान वायरल हुए वीडियो से की है, जिसमें वह हरी टी-शर्ट पहने हुए दिखाई दे रहा है। मणिपुर पुलिस के मुताबिक, हेरादास ही इस मामले में मुख्य आरोपी है। वायरल हुए इस वीडियो के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वीडियो कांगपोकपी जिले में 4 मई का है। इसमें महिलाओं को नग्न अवस्था में दर्शाया गया है। वीडियो में पुरुषों की भीड़ पीड़ित महिलाओं से लगातार छेड़छाड़ करते दिखाई दे रही है। वहीं पीड़ित महिलाएं बंधक बनी हुई हैं और लगातार मदद की गुहार लगा रही हैं।

अपराधियों ने इस वीडियो को बनाने के बाद वायरल भी कर दिया है। इससे इन निर्दोष महिलाओं द्वारा झेली गई भयावह यातना कई गुना बढ़ गई।

शिकायत के अनुसार, मणिपुर में पहली बार हिंसा भड़कने के एक दिन बाद यानी 4 मई की दोपहर करीब 1 हजार लोग AK राइफल्स, SLR, इंसास और .303 राइफल्स जैसे हथियारों के साथ बी. फेनोम गांव में घुस गए थे। इस दौरान उन्होंने गांव में तोड़फोड़ की, संपत्तियां लूटीं और घरों को जला दिया। शिकायत के अनुसार, लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान पांच लोग खुद को बचाने के लिए जंगल की ओर भाग गए। इनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। उनमें 56 वर्षीय एक व्यक्ति, उसका 19 वर्षीय बेटा और 21 वर्षीय बेटी के अलावा 42 वर्षीय और 52 वर्षीय महिलाएं भी शामिल थीं।

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने बताया सरकार ने उस वीडियो का स्वत: संज्ञान ले लिया है। जिसमें 2 महिलाओं को भीड़ द्वारा निर्वस्त्र कर घसीटते हुए दिखाया गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। बी.फेनोम गांव के 65 साल के प्रमुख थांगबोई वैफेई द्वारा सैकुल पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भीड़ ने तीसरी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया था।

Share to...