बड़वानी: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में विकास पर्व का शुभारंभ करते हुए निमाड़ के दो जिले बड़वानी व खरगोन की जनता को 1328.75 करोड़ रुपये लागत से बनी नागलवाड़ी और पाटी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाएं समर्पित की है।
मुख्यमंत्री चौहान ने भारी जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2018 में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग आज पूरी की गई है। मप्र शासन ने अंसभव क्षेत्रों में जल पहुँचाने के संकल्प को साकार कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में नहर से पानी पहुँचाना संभव नहीं था। तो हमने पानी को उद्वहन करके खेतों तक पहुँचाया। किसानों की जिंदगी में खुशहाली लाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी है और यही उनका संकल्प भी है।
मुख्यमंत्री चौहान ने निमाड़ की जनता को एक और सौगात देते हुए नागलवाड़ी स्थित लोकदेवता भीलट देव का लोक बनाने की घोषणा की है। उन्होंने मंच से सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल्द ही इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए विशेषज्ञों के दल का विजिट कराया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गरीब वर्ग के बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए सीएम राइज स्कूल की संकल्पना प्रारम्भ की गई है। इन स्कूलों में लायब्रेरी, उत्कृष्ठ लेब, आने जाने के लिए स्कूल बस और स्मार्ट क्लास युक्त स्कूलें बनाई गई है। स्मार्ट क्लास भी ऐसी की अगर जरूरत हुई तो दिल्ली और बॉम्बे जैसे शहरों के शिक्षकों से भी जुड़ सकते हैं। गरीब वर्ग के बच्चों को ऐसी शिक्षा देने के प्रयास कर रहे है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन देने के लिए शासन पीछे नहीं है। इस वर्ष जिन विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं उन्हें लेपटॉप के लिए 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा स्कूल में नम्बर वन पर आने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने रोजगार को लेकर कहा कि 1 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा 50 हजार और पदों की भर्ती की जाएगी। साथ ही स्वरोजगार के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को भी लाभान्वित करने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मप्र की धरती पर बेटियों को बोझ नहीं बनने दिया जाएगा। आज प्रदेश में अब तक 47 लाख लाड़ली लक्ष्मी हो गई है। जिन्हें कॉलेज आते आते 12500 रुपये मिलने लगेंगे। साथ ही बेटियों को राजनीति में भी बराबर का भागीदार बनाया गया है। आधी सीटों पर बेटियों को चुनाव लड़ने का मौका दिया गया तो आज हमारे साथ कई बहनें कोई महापौर तो कोई जिला अध्यक्ष और जनपद अध्यक्ष बन गई है। इसके अलावा अगर कोई जमीन, मकान या दुकान बहनों के नाम पर ख़रीदता है तो उस पर 1 प्रतिशत स्टॉम्प शुल्क लगेगा। वहीं पुलिस में भी 30 प्रतिशत भर्ती बहनों की होगी।
विकास पर्व पर सिंचाई परियोजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम में स्वागत संबोधन में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने नवग्रह और महांकाल लोक की तर्ज पर भीलट देव लोक बनाने की मांग की। जब मुख्यमंत्री चौहान संबोधित करने आये तो उन्होंने सबसे पहले भीलट देव को प्रणाम करते अद्भुत पहाड़ी क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने के लिए भीलट देव लोक बनाने की घोषणा के दी।
मुख्यमंत्री चौहान ने निमाड़ की दो अमूल्य परियोजनाएं लोकार्पित की है। इन परियोजनाओं से खरगोन और बड़वानी जिले के 147 ग्रामों के 52940 हेक्टेयर क्षेत्र में 49423 किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। नागलवाड़ी और पाटी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाएं 1 हजार 328 करोड़ 75 लाख रूपये की लागत से बनकर तैयार हुई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नागलवाड़ी में आयोजित विकास पर्व के कार्यक्रम के माध्यम से बड़वानी जिले के विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने इस दौरान नागलवाड़ी के बजरंग गोयल को कृषि विभाग की रिपरकम बाइंडर यंत्र में 2 लाख 92 हजार रूपये का हितलाभ प्रदान किया। वहीं पॉवर विंडर यंत्र के लिए कमल किशोर कुशवाह को 1 लाख 9 हजार रूपये, रिवर्सिबल प्लाउ यंत्र के लिए शोभाराम को 98800 रूपये हितलाभ प्रदान किया। जबकि मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 970 स्व सहायता समूहों को 23.94 करोड़ रुपये का बैंक ऋण प्रदान किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री चौहान ने सीएम युवा अन्नदूत योजना के तहत जितेन्द्र चौहान, किरता वाडवी, मोहसीन खान, प्रदीप चौहान तथा मुकेश चौहान को वाहनों का वितरण किया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री कृषक ऋण माफी योजना के तहत केकडिया मुन्नालाल, रोहित बाबूलाल, श्रीमती सुनिता बाबूलाल, कैलाश मांगीलाल को भी लाभान्वित किया गया। वहीं लाडली लक्ष्मी योजना में वंशिका भूरेलाल, वैशाली प्रकाश तथा मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में कलारी रावत व सरबाई नावड़े भी योजना से लाभन्वित हुई है।
इस दौरान प्रदेश के पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल, प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह डंग, राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, पूर्व श्रम मंत्री अंतर सिंह आर्य, पूर्व कृषि राज्य मंत्री बालकृष्ण पाटीदार, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे और बड़वानी-खरगोन जिले के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।

More Stories
पश्चिम बंगाल में पहले चरण व तमिलनाडु की सभी सीटों पर मतदान जारी, मतदाताओं में उत्साह, लगी कतारे
इंदौर ने फिर रचा इतिहास – पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में इंदौर देश में प्रथम स्थान पर
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम