April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रिश्वत लेते उपसरपंच व सचिव को लोकायुक्त पुलिस ने किया रंगे हाथों गिरफ्तार

कटनी: मप्र में रिश्वत का खेल बन्द होने का नाम नही ले रहा है। लगातार लोकायुक्त पुलिस द्वारा रिश्वतखोरों पर कार्रवाई करने के बावजूद रिश्वत मांगने व लेना रुक नही रहा हैं। ऐसा ही एक नया मामला कटनी जिले से आया हैं।

लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सोमवार को कटनी जिले के ढीमरखेड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बरौदा के सचिव और उपसरपंच को 20 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप किया हैं। रिश्वत की राशि सचिव ने उपसरपंच के माध्यम से ली थी। सचिव ने जैसे ही रिश्वत की रकम ली, उसी समय लोकायुक्त की टीम ने दोनों को दबोच लिया। लोकायुक्त की टीम ने उप सरपंच और सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

लोकायुक्त जबलपुर डीएसपी दिलीप झरवड़े ने बताया कि ग्राम पंचायत बरौदा निवासी गयाप्रसाद लोधी का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ। योजना के अंतिम किश्त की राशि 40000 रुपए की हितग्राही के खाते में आनी थी। राशि को खाते में ट्रांसफर करने के एवज में सचिव बृजेश गौतम ने उपसरपंच के माध्यम से फरियादी गया प्रसाद लोधी से 20000 रुपए की रिश्वत मांगी। फरियादी ने पूरे मामले की जानकारी लोकायुक्त की टीम को दी।

पूरे मामले की जांच पड़ताल करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने फरियादी गया प्रसाद लोधी को रिश्वत की रकम 20000 रुपए लेकर पान उमरिया स्टेट बैंक के पास भेजा। गया प्रसाद ने रिश्वत की रकम उप सरपंच कुलदीप तिवारी को दे दी। जैसे ही उपसरपंच ने रकम सचिव बृजेश गौतम के हाथ में दी वैसे ही पहले से जाल बिछाए बैठी लोकायुक्त की टीम ने सचिव को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ लिया।

लोकायुक्त की टीम सचिव और उपसरपंच को सिहोरा रेस्ट हाउस लेकर आई। रेस्ट हाउस में ही लोकायुक्त की टीम ने पूरी कार्रवाई की। कार्रवाई में लोकायुक्त टीआई मंजू तिर्की एवं स्वप्निल दास की अहम भूमिका रही। लोकायुक्त टीम ने सचिव और उपसरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

Share to...