हीना तिवारी,इंदौर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यहां केवल भारत के नहीं, दस पार्टनर देशों, गुयाना, सूरीनाम के माननीय राष्ट्रपति आए हैं। दुनिया के 33 देशों के या तो एम्बेसडर हैं या काउंसलेट जनरल हैं। 84 देशों के अंतर्राष्ट्रीय बिजनेस डेलीगेट्स आए हैं। दो एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल इसमें शामिल हैं। मित्रों यहां वन-टू-वन आपके बीच भी होगा। अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी में 15 देशों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। सचमुच में ये इन्वेस्टर्स समिट ग्लोबल है।
भारत की सोच हजारों साल पहले से ग्लोबल है। भारत ने हजारों साल पहले कहा, अयं निजः परो वेति गणना लघु चेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्। ये मेरा है, ये तेरा, ये सोच छोटे हृदय वालों की है, जो विशाल हृदय वाले होते हैं, वे कहते हैं सारी दुनिया एक परिवार है, इसलिए दुनियाभर के 84 देशों के सभी प्रतिनिधियों का मैं मप्र की इस पवित्र धरती पर स्वागत करता हूं।
ये प्लेटफॉर्म है सबको मिलाने का, दिन और रात हम काम करने का प्रयास कर रहे हैं। हमारे पास उद्योगों के लिए जमीन की पर्याप्त उपलब्धता है। दो लाख एकड़ का लैंड बैंक है हमारे पास। इंदौर छठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर है। ये छठवीं हमारी इन्वेस्टर्स समिट हो रही है। हम सबसे स्वच्छतम राज्य हैं। मप्र की ग्रोथ रेट करंट प्राइजेस पर 19.76 % है, जो देश में सबसे ज्यादा है। हम तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। भारत की जीएसडीपी में हमारा योगदान 4.6 % है।
मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़ गई है, हमें इसे और आगे ले जाना है। हमारा एक्सपोर्ट इस साल ₹60 हजार करोड़ से ज्यादा हुआ है।
हमने फसलों के विविधिकरण के लिए एक योजना बनाई, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग हमारे यहां हो रही है। सरकार, किसान और निवेशक तीनों मिलकर काम कर रहे हैं। कई बड़ी कंपनियां हमारे यहां काम कर रही हैं। फार्मा सेक्टर मध्यप्रदेश में बहुत रिच है। गुयाना और सूरीनाम को जितनी दवाई चाहिए, मध्यप्रदेश सप्लाई कर देगा।
टेक्सटाइल और गारमेंट्स में मेरी रुचि ही इसलिए ज्यादा है, क्योंकि ये सेक्टर रोजगार अधिक देते हैं। मध्यप्रदेश में बेटियां और बहनें आगे बढ़कर काम करती हैं, तीन-तीन शिफ्टों में हमारे यहां काम होता है। मध्यप्रदेश में सभी प्रकार के लूम्स कार्यरत हैं। टेक्निकल, टेक्सटाइल के क्षेत्र में भी हम तेजी से काम कर रहे हैं।
हम रेडीमेड गारमेंट के क्षेत्र में भी चौथे स्थान पर हैं, लेकिन जल्दी ही पहले स्थान पर आना है। 50 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर गारमेंट उद्योगों को मेगा स्टेट्स देने का प्रावधान किया है।
हमारे यहां श्री महाकाल महालोक है, अद्भुत ऊर्जा क्षेत्र हैं, जो हमें भी प्रेरणा देता है, आपको भी ऊर्जा देगा। एक शिव सृष्टि की रचना हुई है। पूरे मध्यप्रदेश में ओरछा राम राजा, मैहर में मां शारदा, देवास में चामुण्डा मैया, सलकनपुर में विजयासन मैया, रिलीजियस, वाइल्ड लाइफ, हेरिटेज टूरिज्म की संभावना है। इसलिए जिस भी सेक्टर में आपको निवेश करना हो, आप बिना समय गंवाए आइए।
मेरी ड्यूटी है कि मैं मध्यप्रदेश को तेज गति से आगे ले जाउं, हृदय के खोले हैं द्वार, आपका स्वागत बारम्बर।
वन-टू-वन मीटिंग भी करूंगा। मैं विश्वास दिलाता हूं मध्यप्रदेश कभी आपको निराश नहीं होने देगा। मध्यप्रदेश की धरती पर आपका स्वागत है।
इस दौरान बड़ी संख्या में इन्वेस्टर्स डेलिगेट्स मौजूद रहे।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम