मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नायक अवतार लगातार जारी है। फिल्म नायक के हीरो की तर्ज पर पूरे मध्यप्रदेश में घूम घूम कर लापरवाह व गैर जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भरे मंच से कार्रवाई कर रहे हैं और अधिकारियों को सस्पेंड कर रहे हैं। आज फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक कड़ा फैसला लिया और सभी को चौंका दिया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी जिले के कलेक्टर को मंच से ही हटाने का आदेश दे दिया साथ ही ओरछा के तहसीलदार को भी हटाने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराजा खेतसिंह खंगार जी की जयंती के अवसर पर निवाड़ी जिले में आयोजित ‘गढ़कुंडार महोत्सव’ में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया।
चौहान ने अपने संबोधन की शुरुआत महाराजा खेतसिंह खंगार के चरणों में नमन कर की। उन्होंने कहा कि अद्भुत योद्धा थे महाराजा खंगार, जब मोहम्मद तुगलक ने ‘गढ़कुंडार पर आक्रमण किया तो उसके दांत खट्टे कर दिये थे। गढ़कुंडार की धरती बहुत पवित्र है। यहां की खंगार क्षत्राणियों ने अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए किले में बने अग्निकुंड में कूद कर जौहर किया था। उन क्षत्राणियों और उनके सर्वोच्च बलिदान को मैं प्रणाम करता हूं। खंगार समाज ने मेरा पगड़ी पहना कर सम्मान किया है। पगड़ी से बड़ा कोई दूसरा सम्मान नहीं है। मैं खंगार समाज को विश्वास दिलाता हूं कि इस पगड़ी का मान,आपका सम्मान और खंगार समाज की शान को कभी जाने नहीं दूंगा। महाराजा खेतसिंह खंगार की जयंती पर अब खंगार समाज के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों को ऐच्छिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।
निवाड़ी जिला मुझे प्राणों से प्यारा है। यहां की जनता की बेहतर सेवा का प्रयास हमारे विधायक और प्रभारी मंत्री कर रहे हैं। जनता के बीच से कलेक्टर के खिलाफ कुछ गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसलिए निवाड़ी कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से हटाता हूं। ओरछा के तहसीलदार के खिलाफ भी कई शिकायतें मिली है। यहां जमीन के नामांतरण में गड़बड़ी की जा रही है। उनके खिलाफ कमिश्नर जांच करेंगे। इनको भी तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को योजना के लाभ के प्रमाण पत्र दिए। इस दौरान मप्र शासन के मंत्री,भाजपा के जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में भाजपा नेता कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहें।

More Stories
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर
पश्चिम बंगाल में पहले चरण व तमिलनाडु की सभी सीटों पर मतदान जारी, मतदाताओं में उत्साह, लगी कतारे
इंदौर ने फिर रचा इतिहास – पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में इंदौर देश में प्रथम स्थान पर