उज्जैन: उज्जैन महाकाल कॉरिडोर के लोकार्पण के लिए 11 अक्टूबर को पीएम नरेंद्र मोदी उज्जैन आने वाले हैं। पीएम के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। इसी को लेकर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअल मीटिंग ली हैं और सभी अधिकारियों से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 अक्टूबर को उज्जैन प्रवास में महाकाल मंदिर विस्तार परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम की सभी जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने कलेक्टर आशीष सिंह एवं अन्य अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री की यात्रा के संबंध में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर उनके द्वारा किए जाने वाले विभिन्न स्थानों के अवलोकन के लिए निर्धारित स्थलों पर जरूरी प्रबंध किए जाएँ। आमजन को आमंत्रित करने से लेकर कार्यक्रम में हिस्सेदारी के हर पहलू की तैयारी की जाए। लोकार्पण कार्यक्रम के प्रदेशभर में प्रसारण के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। धार्मिक अनुष्ठान करवाने वाले जनजातीय समाज के तड़वी, पटेल, पुजारा और अन्य पुजारी भी लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने इन्हें आमंत्रित करने के संबंध में निर्देश दिए। छह दिवसीय कार्यक्रमों की शुरूआत भगवान महाकाल की सवारी के साथ की जाएगी। दिनांक 6 से 11 अक्टूबर तक निरंतर चलने वाली गतिविधियों की रूपरेखा निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री चोहान ने कहा कि महाकाल प्रोजेक्ट के लोकार्पण अवसर पर उज्जैन सहित प्रदेश के सभी जिलों में प्रमुख मंदिरों की विशेष साज-सज्जा की जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने उज्जैन नगर में स्थित 84 महादेव मंदिर की साज-सज्जा, उज्जैन में लोकार्पण कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के प्रमुख प्रतिनिधियों को बुलाने, संतों को आमंत्रित करने, कार्यक्रम से भजन मंडलियों और अखाड़ों को जोड़ने, आमजन को पीले चावल प्रदान कर आमंत्रित करने, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के पहले संत सम्मान कार्यक्रम के आयोजन और प्रदेश में विभिन्न नवरात्रि मंडल के माध्यम से महाकाल प्रोजेक्ट के लोकार्पण की सूचना प्रदान करने के संबंध में निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिये कि महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण श्रद्धा का विषय है। शहर के प्रत्येक परिवार को आमंत्रण पत्र दिये जायेंगे। सभी घरों एवं दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक रौशनी की जायेगी। प्रमुख चौराहों एवं सड़कों पर विशेष साज-सज्जा की जायेगी। साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर रंगोली भी बनाई जायेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि सभी मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण अपने सोशल मीडिया अकाउंट में “मैं महाकाल के आयोजन में भाग लेने जा रहा हूं”, इससे सम्बन्धित एक मिनट का वीडियो भी पोस्ट करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिले के हर गांव की महिलाएं जल कलश लेकर आयेंगी, उस जल को कोटितीर्थ पर अर्पण किया जायेगा। संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा विभिन्न नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि कार्यक्रम से तीन दिन पूर्व से ही कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाये। साथ ही प्रभात फेरियों के माध्यम से हर वार्ड में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास मनीष सिंह और प्रमुख सचिव जनसम्पर्क राघवेन्द्र कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।
उज्जैन में एनआईसी कक्ष में संभागायुक्त संदीप यादव, कलेक्टर आशीष सिंह, आयुक्त नगर निगम अंशुल गुप्ता, सीईओ स्मार्ट सिटी आशीष पाठक, यूडीए सीईओ संदीप सोनी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

More Stories
माता की घट स्थापना, समय और नौ दिनों में क्या है विशेष
तमिलनाडु मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल, सीएम के बेटे उदयनिधि स्टालिन को बनाया उपमुख्यमंत्री, आज होगा शपथग्रहण
एमसीडी स्टैंडिंग कमेटी चुनाव के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगी आम आदमी पार्टी, सीएम आतिशी ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा