पाकिस्तान के कराची में मंगलवार को दोपहर एक बड़ा धमाका हुआ, जिसमें 3 चीनी नागरिकों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कराची में हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। कराची धमाके का वीडियो सामने आ गया है। वीडियो में दिख रहा है कि महिला फिदायीन आतंकी ने इस घटना को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि कराची में धमाका पाकिस्तान के समय के अनुसार दोपहर में लगभग 1 बजकर 52 मिनट पर हुआ। एक वैन में 7 से 8 लोग सवार थे। वैन में हुए धमाके में 3 चीनी नागरिकों की भी मौत हो गई। ये तीनों पाकिस्तान में टीचर के तौर पर काम करते थे, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कराची धमाके के पीछे किसका हाथ है। इस बीच, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कराची धमाके की जिम्मेदारी ली और कहा कि उसकी महिला सुसाइड बॉम्बर ने विस्फोट किया। उसने चीनी नागरिकों को निशाना बनाया।
