दिल्ली के जहांगीरपुरी हिंसा मामले में पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों पर भी केस दर्ज किया है। उन पर बिना परमिशन के शोभायात्रा निकालने का आरोप है। पुलिस ने वीएचपी के जिला सेवा प्रमुख प्रेम शर्मा को भी गिरफ्तार किया है। इधर, हनुमान जयंती दंगों के मुख्य आरोपी अंसार और असलम सहित 14 लोगों को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने असलम और अंसार की दो दिन की पुलिस रिमांड बढ़ा दी है। बाकी 12 आरोपियों को जुडिशियल कस्टडी में भेजा गया है। इधर, पुलिस ने हिंसा के फरार आरोपी सोनू चिकना को भी अरेस्ट कर लिया है। दिल्ली के जहांगीरपुरी में सोमवार को एक बार फिर पथराव की घटना हुई। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम वीडियो फुटेज के आधार पर सोनू चिकना की पत्नी को हिरासत में लेने के लिए जहांगीरपुरी के सी ब्लॉक स्थित मकान में गई थी। उसी दौरान कुछ लोगों ने घरों से पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी।
सोनू चिकना वही शख्स है जिसने 16 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के दिन हिंसा के दौरान फायरिंग की थी। हालांकि, पुलिस ने बताया कि यह एक छोटी सी घटना थी, आरोपियों पर कानूनी कार्यवाही की जा रही है। घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। सोमवार शाम को सोनू पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
