5 राज्यों में हुए विधान सभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों लगातार इजाफा हो रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर अब सवाल उठने लगे हैं। संसद में विपक्ष भी लगातार बढ़ती महंगाई और बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों का मुद्दा उठा रहा है। मंगलवार को इस सवाल के जवाब में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन की तुलना में भारत पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बहुत कम बढ़ोतरी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में अब तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सिर्फ 5 फीसदी की ही बढ़ोतरी हुई है। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मेरे हिसाब से भारत में पेट्रोल की कीमतें बीते 2 हफ्तों में 5% बढ़ी हैं। इनकी कीमतों में इजाफा अकेले भारत में नहीं हुआ है। अप्रैल 2021 से मार्च 2022 के बीच में पेट्रोल की कीमतें अमेरिका में 51 प्रतिशत, कनाडा में 52 प्रतिशत, जर्मनी में 55 प्रतिशत, ब्रिटेन में 55 प्रतिशत, फ्रांस में 50 प्रतिशत और स्पेन में 58 प्रतिशत बढ़ी हैं।
बता दें कि मंगलवार को भी देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। 15 दिनों में 13वीं बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया है। पेट्रोल और डीजल की कीमत में अब तक लगभग 9.20 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है।
