April 26, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

यादव समाज कभी झूठ नहीं बोलता : मोहन यादव

संदीप सिंग, भोपाल। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने कहा कि अन्याय के खिलाफ लड़ाई में यादव समाज का अपना इतिहास रहा है। यादव समाज का पूरा समर्थन मंत्री गोविंद राजपूत जी के साथ है और यह सर्वविदित है कि यादव समाज कभी झूठ नहीं बोलता है। सुरखी के विकास के लिए पूरा यादव समाज एकजुट है।

उन्होंने कहा कि यादव समाज हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ाई के लिए तैयार रहता है। यादव सागर शहर के किला कोठी में आयोजित यादव समाज के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उपचुनाव की लड़ाई को अन्याय के खिलाफ धर्मयुद्ध बताते हुये यादव ने कहा कि हम सबको मिलकर इस न्याय की लड़ाई में अपनी भागीदारी निभानी है।

भगवान श्रीकृष्ण के दृष्टांत का उदाहरण देते हुए उच्च शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि जिस तरह धर्म युद्ध की लड़ाई में भगवान कृष्ण ने यह जानते हुए कि कंस उनका मामा है, उसके अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई के लिए अपने कदम पीछे नहीं हटाये हैं, उसी प्रकार हमें इस धर्म युद्ध में कांग्रेस के अन्याय के खिलाफ अपने कदम पीछे नहीं हटाना है।

कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई में हमें साथ रहना है। उन्होंने कहा कि कमल नाथ ने प्रदेश की जनता को धोखे में रखकर प्रदेश में सरकार बनाने का काम किया था। पर हमें कदम -कदम पर झूठ बोलने वाले ऐसे लोगों से डटकर मुकाबला करना है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्य मंत्री बृजेन्द्र यादव ने कहा कि यादव समाज गोविंद सिंह के लिए उठ खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जब-जब यादव समाज उठ खड़ा हुआ है तो एक अलग इतिहास बन है। उन्होंने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने 15 पैसे का काम भी मेरे क्षेत्र को नहीं दिया। मैं लोगों के सामने कैसे जाऊं यह सोचकर ही मैंने पार्टी बदली और यही हाल अन्य विधायकों और मंत्रियों का भी था, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है।

मुंगावली क्षेत्र के विधायक एवं राज्य मंत्री बृजेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों को और किसानों को ठगा है। बेरोजगारों के साथ छलावा किया है। उन्होंने कहा कि यादव समाज के दो मंत्री हैं लेकिन गोविंद सिंह राजपूत भी अब तीसरे मंत्री हैं जिन पर यादव समाज भरोसा विश्वास कर सकती है। वह ऐसे जन प्रतिनिधि हैं जोकि अपने क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करते हैं और करते रहेंगे।

अपने कर्मों से खत्म हो रही कांग्रेस : गोविंद सिंह राजपूत

इस अवसर पर परिवहन एवं राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों से खत्म होती जा रही है । जनता से झूठे वादे कर सरकार बनाने वाली कांग्रेस अब लगभग जिले से खत्म हो चुकी है। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यादव समाज ने हमेशा मुझे आशीर्वाद देकर मजबूत किया है और मेरे साथ अब यादव समाज के यादव मंत्री और सुधीर यादव के साथ होने से मैं और भी मजबूत हो गया हूं।

क्षेत्र की जनता के लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे। उन्होने कहा कि हमने अब तक सुरखी विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी तरफ से हर सम्भव प्रयास किया है। कभी भी कोई कसर बाकी नहीं रखी है। इसलिए आपको भी हमारे कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा ताकि हम और आप मिलकर सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखेंगे।

इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष सुधीर यादव ने गोविंद सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि हम दोनों मिलकर एक और एक ग्यारह हो गए हैं। उन्होंने कहा गोविंद सिंह राजपूत तीन भाई नहीं अब हम मिलकर चार भाई हैं जो सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। सारे गिले-शिकवे दूर हो गये हैं। सुरखी क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता है। श्री यादव ने अपने उद्बोधन में मतदाताओं से अपील की है कि अपने क्षेत्र के लिए गोविंद सिंह राजपूत को चुने क्योकि यह चुनाव विधायक का नहीं मंत्री का है।

पूर्व मंत्री ललिता यादव ने अपने उद्बोधन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ समझदार मुख्यमंत्री नही थे अन्यथा जनकल्याण के भाजपा सरकार द्वारा चालाई गई योजनाओं को बंद करने की वजह उन योजनाओं का स्वरूप और नाम बदल सकते थे।

उन्होने कमलनाथ पर आरोप लगाते हुये कहा कि उन्होने सिंधिया समर्थक विधायकों को कमजोर करने के लिए उनके क्षेत्र में कोई भी काम नहीं किए ताकि इन विधायकों का जनाधार कम हो जाए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार गिराने वाले विधायकों ने जनता के लिए यह त्याग किया है अब जनता का फर्ज है कि विकास के लिए पद का त्याग करने वाले विधायकों को फिर से चुनकर विधानसभा भेजें और अपने क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करें।

Share to...