April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कारोबारी नीरव मोदी की 326 करोड़ की संपत्ति जब्त, यह आलिशान महल भी है शामिल

प्रवर्तन निदेशालय ने भगोड़े हीरा कारोबारी और पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। निदेशालय ने बताया है कि भगोड़े आर्थिक अपराध अधिनियम के तहत मोदी की 326.99 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ईडी ने बताया कि जब्त की गई संपत्तियों में मुंबई के वर्ली स्थित समुद्र महल इमारत में चार फ्लैट, अलीबाग में जमीन और समुद्र के पास एक फार्महाउस, जैसलमेर में एक पवन चक्की, लंदन में एक फ्लैट, संयुक्त अरब अमीरात में आवासीय फ्लैट, शेयर और बैंक में जमा राशि शामिल है।

गौरतलब है कि भारत में अरबों रुपये के बैंक कर्ज घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में अभियुक्त नीरव मोदी पिछले साल मार्च से लंदन की एक जेल में कैद है। पिछले महीने लंदन की वेस्टमिंस्टर अदालत ने नीरव मोदी को नौ जुलाई तक और न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया था। वह गिरफ्तारी के बाद से वैंड्सवर्थ जेल में है।

पंजाब नेशनल बैंक के साथ करीब 2 अरब डॉलर की धोखाधड़ी के मामले में नीरव मोदी के खिलाफ ब्रिटेन में प्रत्यर्पण का मुकदमा चल रहा है। उसके प्रत्यर्पण के मामले पर 7 सितंबर को सुनवाई होने वाली है।

Share to...