April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

अब तूफान निसर्ग का खतरा, लोगों को सुरक्षित निकालने का काम जारी

बंगाल और ओडिशा में चक्रवाती तूफान अम्फान के बाद महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में निसर्ग चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। इससे उठने वाला चक्रवाती तूफान निसर्ग 3 जून तक महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में हरिहरेश्वर और दमन के बीच उत्तर महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के तटों से टकरा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर पर बना कम दबाव का क्षेत्र मुंबई की ओर बढ़ रहा रहा है, इसकी गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा है। लेकिन इसके तूफान में बदलते ही हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। अभी यह मुंबई से 430 किमी दूर है। गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों को खाली कराया जा रहा है। एनडीआरएफ की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। महाराष्ट्र में तूफान की हलचल के चलते तेज हवाओं के साथ ज्यादातर इलाकों में बारिश हो रही है।

गुजराज और महाराष्ट्र में कोस्ट गार्ड और एनडीआरएफ अलर्ट मोड में हैं। मछुआरों को चेतावनी जारी की गई है कि वो समंदर तटों के पास ना जाएं। साथ ही लोगों को घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग ने दोनों ही सूबों में 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र और गुजरात सरकार ने चक्रवात निसर्ग को देखते हुए तटीय इलाकों में एनडीआरएफ की टीमों को तैनात कर दिया है।

दोनों ही राज्यों में एनडीआरएफ की टीमें तूफान के खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं। महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 15 टीमों को तैनात किया गया है, जिसमें मुंबई में 3 टीमें और पालघर में 2 टीमों को तैनात किया गया है। जबकि रायगढ़ में 2 टीमों की तैनाती की गई है। वहीं, ठाणे, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग और नवी मुंबई में एनडीआरएफ की एक-एक टीम तैनात की गई है। इसके अलावा 4 टीमों को स्टैंड बाई पर रखा गया है।

Share to...