इंदौर जिले में कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए हर कोई अपने-अपने स्तर पर अपना योगदान दे रहा है। इस क्रम में अब ओला कैब भी महत्वपूर्ण योगदान के लिए सहयोग कर रहा है। कलेक्टर मनीष सिंह की पहल पर जिले में ओला कैब का एम्बुलेंस के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया गया है।
जिला कलेक्टर मनीष सिंह ने आज से ओला एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। इसके माध्यम से शहर में 50 नई ओला कैब एम्बुलेंस उपलब्ध हो गई है। इन एंबुलेंसेज़ के द्वारा मुख्यतः ग्रीन श्रेणी वाले अस्पतालों से यलो श्रेणी के अस्पताल में मरीजों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त इस सुविधा का उपयोग ऐसे व्यक्ति जो घर से अस्पताल में इलाज या परामर्श के लिए जाना चाहते हैं, और उनके पास साधन नहीं है ऐसे लोग इसका उपयोग कर सकते हैं।
कलेक्टर मनीष सिंह ने इस सेवा की शुरुआत नेहरू स्टेडियम से की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त ओला ड्राइवर का मार्गदर्शन किया। उनकी सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी ड्राइवर्स को पीपीई किट उपलब्ध कराई गई है तथा उन्हें स्वयं की सुरक्षा तथा गाड़ी का सही सैनिटाइजेशन करने की ट्रेनिंग दी गई है।
उन्होंने कहा कि इससे इंदौर में एम्बुलेंस सेवा का विस्तार होगा। एम्बुलेंस की कमी नहीं रहेगी। समस्त ओला ड्राइवर भी इस सामाजिक कार्य को लेकर उत्साहित हैं। कलेक्टर सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण मैं लगातार हो रही वृद्धि से जनता घबराएं नहीं क्योंकि अभी यह पीक का समय है और अनुमान है कि संक्रमित आंकड़ों में अब तेजी से गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि कोविड पॉजिटिव पाए गए सभी मरीज हाई रिस्क जोन के थे जो फर्स्ट कांटेक्ट हिस्ट्री एवं संदिग्ध मरीजों की सूची में शामिल थे। जिला प्रशासन पूर्ण रूप से तैयार है तथा अस्पताल की केपेसिटी भी पर्याप्त है।
ऐसे व्यक्ति जिन्हें किसी चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता है तथा साधन की अनुपलब्धता के कारण वे अस्पताल तक नहीं पहुंच सकते, उनके लिए ओला एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी। वे 0731 -2363209 नंबर पर कॉल कर ओला एंबुलेंस बुक कर सकेंगे। ओला कैब मोबाइल एप से भी बुक होगी।

More Stories
पश्चिम बंगाल में पहले चरण व तमिलनाडु की सभी सीटों पर मतदान जारी, मतदाताओं में उत्साह, लगी कतारे
इंदौर ने फिर रचा इतिहास – पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में इंदौर देश में प्रथम स्थान पर
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम