April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

20 दिन में प्याज दोगुना महंगा, भाव 100 रु किलो तक होने की आशंका

प्याज के भावों में तेजी अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन रही है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण फसल के खराब होने और इसके पिछड़ने से मंडियों में आवक घट गई है। कम आवक के कारण प्याज के दामों में तेजी आ गई है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश के कारण प्याज खराब हुई है। एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव में प्याज का थोक भाव 45 सौ रुपए क्विंटल तक पहुंच गया है। जबकि दिल्ली मंडी में यही भाव पांच हजार रुपए क्विंटल तक पहुंच गया है। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों में उपभोक्ताओं द्वारा 50.60 रुपए किलो या इससे अधिक भाव पर प्याज रेहड़ी आदि पर खरीदी जा रही है। दिल्ली में प्याज का खुदरा भाव 65 रुपए किलो के स्तर पर पहुंच गया है।
सितंबर 2015 के बाद 4 सालों में प्याज के भावों में इतनी तेजी दर्ज की जा रही है। एशिया की सबसे बड़ी प्याज मंडी, लासलगांव कृषि उपज मंडी के डायरेक्टर बताते हैं कि एक सितंबर को प्याज का भाव 2 हजार से 2.5 हजार क्विंटल का भाव चल रहा था। वहीं 21 सितंबर को भाव 4 हजार से 4500 रुपए क्विंटल तक पहुंच गया है।
अभी मंडी में करीब 20 हजार क्विंटल प्याज आ रही है। होल्कर कहते हैं कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश से आवक कम आ रही है और त्यौहारी सीजन को देखते हुए मांग में तेजी है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो दीपावली तक थोक भाव 65 सौ रुपए क्विंटल से 8 हजार रुपए क्विंटल पर पहुंच जाएगा। वहीं उपभोक्ताओं को यह 90-100 रुपए किलो तक मिलेगा।

Share to...