April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

यूएनएचआरसी में कश्मीर मसले पर उठाएगा पाकिस्तान

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार परिषद के 42वें अधिवेशन में शामिल होने के लिए जेनेवा पहुंच गए हैं। यूएनएचआरसी का यह अधिवेशन 3 सप्ताह तक चलेगा। पाकिस्तान इस अधिवेशन को भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कश्मीर मसले को उठाने के लिए एक मौके के रूप में देख रहा है।
अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने के बाद से ही पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार कहता रहा है कि जम्मू-कश्मीर में भारत सरकार दमन कर रही है, जबकि भारत उसके हर दावे को खारिज करता रहा है।
पाक विदेश मंत्री कुरैशी न सिर्फ यूएनएचआरसी में कश्मीर मसले को उठाने वाले हैं, बल्कि वे भारत के खिलाफ समर्थन प्राप्त करने के लिए कश्मीर रिजोल्यूशन भी पेश करने की तैयारी में हैं। पाकिस्तान यह कोशिश करता रहा है कि यूएनएचआरसी में कश्मीर को लेकर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाए।
पाकिस्तान इसके लिए तमाम कूटनीतिक प्रयास भी कर चुका है कि अगर वह यूएनएचआरसी के कुल 47 सदस्यों में से 16 का समर्थन जुटा ले तो उसे एक तिहाई सदस्यों का समर्थन प्राप्त हो जाएगा।
मुस्लिम देशों के संगठन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन के सदस्य देशों की यूएनएचआरसी में मुख्य भूमिका होगी। ओआईसी के 15 सदस्य देश यूएनएचआरसी के भी सदस्य हैं। हाल ही में ओआईसी ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में मानवाधिकारों को लेकर चिंता जताई थी।

Share to...