April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

एयर स्ट्राइक का श्रेय किसी को नहीं लेना चाहिए : नितिन गडकरी

अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का कहना है कि पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकियों के खिलाफ भारतीय वायुसेना की कार्यवाही को आम चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए और न ही किसी को इसका इसका राजनीतिक लाभ या श्रेय लेना चाहिए। साक्षात्कार में सड़क परिवहन व राजमार्ग, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री ने कहा कि वे न तो किसी पद के दावेदार हैं और न ही प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की भारी जनादेश के साथ प्रधानमंत्री के रूप में वापसी होगी और इस बार उन्हें 2014 लोकसभा चुनाव के मुकाबले विशाल जनादेश मिलेगा। गडकरी ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ हवाई कार्यवाही को चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। इसे चुनावी मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए और न ही किसी को इसका श्रेय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दलों को इस पर कोई संदेह है तो ये उनकी दिक्कत है। मंत्री ने कहा कि लेकिन मैं उनसे अनुरोध करूंगा कि उन्हें इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
पहले भी गडकरी के बयानों के कई मायने निकाले जाते रहे हैं। जैसे वो कह चुके हैं कि वो केवल सपने दिखाने वाले नहीं बल्कि उन्हें पूरा करने वाले नेता हैं। उनके कुछ बयानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी अपने लिए फायदेमंद मानते रहे हैं।

Share to...