April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भारत की सबसे बड़ी जीत, यहां टूटे कई रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों से मात देकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। भारतीय टीम ने राजकोट टेस्ट ढाई दिन में ही जीत लिया और 98.5 ओवरों के अंदर वेस्टइंडीज की दोनों पारियों को समेट दिया।
आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन पर काबिज भारतीय टीम ने नौसिखिया वेस्टइंडीज को धूल चटा दी। इससे पहले भारत ने इसी साल जून में अफगानिस्तान को उनके ऐतिहासिक डेब्यू टेस्ट मैच में पारी और 262 रनों से मात दी थी और साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ पारी और 239 रन से जीत दर्ज की थी।
राजकोट में जीत दर्ज कर टीम इंडिया ने घरेलू मैच में जीत का शतक पूरा कर लिया है। अपने घर पर सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने के मामले में भारत से आगे ऑस्ट्रेलिया 238, इंग्लैंड 217 और साउथ अफ्रीका 104 की टीमें हैं।
भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 649 रनों पर घोषित कर दी थी। इसके बाद वेस्टइंडीज को पहली पारी में 181 रनों पर ढेर कर उसे फॉलोऑन के लिए बुलाया और दूसरी पारी में महज डेढ़ सत्र में मेहमानों को 196 रनों पर समेट से जीत दर्ज की। मेहमान टीम दूसरी पारी में 50.5 ओवर खेल पाई।

Share to...