April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पिता की हत्या पर प्रियांशी लगा रही इंसाफ की गुहार

लखनऊ शूटआउट में मारे गए विवेक तिवारी की मासूम बेटी प्रियांशी भी अब इंसाफ की गुहार लगा रही है। प्रियांशी का कहना है कि उनके पापा की हत्या कर दी गई और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की बजाए हमारे परिवार पर दबाव बना रहा है।
सातवीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी ने आरोप लगाया कि पापा की हत्या के बाद डीएम घर आए थे और मम्मी पर चिल्ला रहे थे। वे चुप रहने का दबाव बना रहे थे। प्रियांशी के दिल में अपने पिता की हत्या को लेकर जबरदस्त गुस्सा है। जब प्रियांशी से पूछा गया कि आखिर बार पापा विवेक तिवारी से कब बात हुई थी, तो उसने कहा कि शुक्रवार सुबह 11 बजे पापा से बात हुई थी। मैं एग्जाम देकर आई थी, तो वो पापा ने पूछा था कि एग्जाम कैसा गया? मासूम ने मांग की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके घर आएं और बाते करें। हमारे परिवार ने एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी की मांग की है, उसको भी नहीं माना जा रहा है। अधिकारी हर पल फैसला बदल रहे हैं।
इससे पहले मृतक विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने और बात करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मेरे पति का तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा, जब तक मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात नहीं करते। कल्पना तिवारी ने सीएम योगी को खत लिखकर मामले की जांच सीबीआई से कराने की भी मांग की। साथ ही एक करोड़ रुपये मुआवजा मांगा।
वहीं, लखनऊ शूटआउट के बाद सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने इस पूरी घटना के लिए यूपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस नेता राज बब्बर ने मुख्यमंत्री योगी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस गोलीकांड को लेकर मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए। सीएम योगी ने पुलिस की वर्दी में गुंडों की फौज पाल रखी है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में शुक्रवार देर रात पुलिस कॉन्स्टेबल प्रशांत चौधरी ने ऐपल के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मार दी थी, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर यूपी पुलिस कठघरे में आ गई है।

Share to...