राजधानी दिल्ली के बुराड़ी के संत नगर इलाके में एक ही घर में 11 लोगों की मौत में बीतते वक्त के साथ कई ऐंगल सामने आ रहे हैं। परिवार की सामूहिक आत्महत्या ने देश भर में लोगों को सकते में डाल दिया है, वहीं मामले की जांच में एक के बाद एक कई रहस्यमयी बातें और सबूत भी मिल रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि परिवार अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र जैसी चीजों पर बहुत अधिक यकीन करता था और उसने पूरी तैयारी के साथ आत्महत्या की। क्राइम ब्रांच का कहना है कि दोनों रजिस्टर्स में छोटे भाई ललित की हैंड राइटिंग लग रही है, जिसकी फर्नीचर की दुकान थी। वहीं इस केस में पुलिस को एक और बड़ी खबर हाथ लगी है, मौत वाली रात बाहर से खाने में 20 रोटी मंगवाई गई थी।
हालांकि क्राइम ब्रांच को अभी तक खुदकुशी का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। सभी 11 शवों का पोस्टमॉर्टम हो गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि घर के 11 लोगों में से कुछ लोग उस रात खाली पेट थे। यानी उस दिन कुछ सदस्य उपवास पर भी हो सकते, क्योंकि परिवार में 11 लोग थे और खाने में बाहर से केवल 20 रोटी मंगाई गई थी।
अभी तक पुलिस की जांच में किसी भी बाहरी या 12वें शख्स की बात सामने नहीं आई है। फोरेंसिक जांच और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के अनुसार घर में किसी बाहरी के होने के न तो सबूत मिले हैं, न ही घरवालों के अलावा किसी और के फिंगरप्रिंट्स मिले हैं। साथ ही इस बात की तस्दीक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हो चुकी है कि परिवार में 10 लोगों की मौत फंदे से झूलने से हुई। जांच आगे बढ़ी तो भाटिया परिवार के घर के पीछे 11 पाइप मिले, जिसमें से 4 पाइप सीधे हैं और सात मुड़े हैं। दिलचस्प है कि पाइपों की तादाद उतनी ही है जितनी उस घर से लाशें बरामद की गई हैं।
दिलचस्प है कि जांच टीम को घर से दो रजिस्टर मिले हैं जिसमें कुछ ऐसी चीजें लिखी हैं जो ढेरों सवाल खड़े करती हैं। रजिस्टर में लिखी एक-एक बातें वारदात से मेल खाती हैं। रजिस्टर में लिखा है कि पट्टियां अच्छे से बांधनी हैं। गौरतलब है कि घर से जितने शव बरामद हुए उनमें से एक को छोड़कर सबकी आंखों पर पट्टियां बंधी थी। रजिस्टर में लिखा है कि 7 दिन बाद लगातार पूजा करनी है। कोई घर में आ जाए तो रजिस्टर में लिखा है कि अगले दिन गुरुवार या रविवार को चुनें। दिलचस्प है कि वारदात रविवार की रात हुई। रजिस्टर में लिखा है कि बेब्बे खड़ी नहीं हो सकतीं तो अलग कमरे में लेट सकती हैं। बेब्बे शायद उस बुजुर्ग महिला को कहा गया है जिनकी लाश अलग कमरे में बरामद की गई। रजिस्टर में लिखा गया कि मद्धिम रोशनी का प्रयोग करना है। रजिस्टर में लिखा गया है कि मुंह की पट्टी को रूमाल से डबल कर लेना। रजिस्टर में लिखा गया है कि रात्रि 12 से 1 के बीच क्रिया करनी है।
छोटे भाई ने रजिस्टर में लिखी थी मौत की स्क्रिप्ट, पुलिस लगी राज सुलझाने में

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट