पश्चिम बंगाल में सोमवार को पंचायत चुनावों के लिए हुए मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई जिसमें लगभग 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 43 अन्य घायल हो गए। दोपहर 3 बजे तक 56 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और माकपा के बीच हिंसक झड़पें, बूथ लूटने और सरकारी बसों में तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। हिंसा में 5 पत्रकार भी घायल हुए हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का दावा है कि हाल के वर्षों का यह सबसे हिंसक चुनाव है।
मृतकों में मुर्शिदाबाद जिले का एक निर्दलीय उम्मीदवार और दक्षिण 24.परगना जिले का एक माकपा नेता और उसकी पत्नी शामिल हैं। इस दंपत्ति के परिजनों और माकपा के जिला सचिव शमिक लाहिड़ी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने रविवार की रात देव प्रसाद दास और उनकी पत्नी उषा के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें घर में बंद कर आग लगा दी। गृह मंत्रालय ने राज्य में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं के बारे में पश्चिम बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है।
नदिया जिले के शांतिपुर में बूथ कैप्चर करने का प्रयास कर रहे एक कथित तृणमूल कांग्रेस समर्थक की नाराज भीड़ द्वारा की गई पिटाई से मौत हो गई। नदिया के ही नक्काशीपाड़ा में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत हो गई। दक्षिण 24-परगना जिले के कुलतली में कथित एसयूसीआई कार्यकर्ताओं की फायरिंग में आरिफ अली गाजी नामक एक तृणमूल कार्यकर्ता की मौत हो गई।
इसी जिले के आमडांगा में बम धमाके में एक माकपा कार्यकर्ता तैमूर गाएन की भी मौत हुई जबकि 2 अन्य घायल हो गए। मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा इलाके में कथित तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हमले में तपन मंडल नाम के भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। यही हाल कई जगहों पर रहा।
पश्चिम बंगाल चुनाव: हिंसा में 10 की मौत, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट

More Stories
सिंहस्थ 2028 का आयोजन ग्रीन एंड क्लिन की थीम पर होगा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीन की चाबी नगर निगम को प्रदान की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पूजन अर्चन कर आरती की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” के अंतर्गत नए सेक्टर भोपाल-चंदेरी-ओरछा हेलीकॉप्टर यात्रा का किया शुभारंभ