April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गुजरात में 2 चरणों में 9 और 14 दिसंबर को होगा मतदान

अहमदाबाद। गुजरात में चुनावी तारीखों का ऐलान हो गया है। 2 चरणों में चुनाव होंगे। पहले दौर में 89 सीटों पर 9 दिसंबर को और दूसरे दौर में 93 सीटों पर 14 दिसंबर को मतदान होगा। नतीजे 18 दिसंबर को आएंगे। इसी दिन हिमाचल प्रदेश चुनाव के भी नतीजे आ रहे हैं। गुजरात में 182 सीटों पर चुनाव होना है। 4 करोड़ 33 लाख मतदाता वहां मतदान करेंगे। 50, 128 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मतदान से 7 दिन पहले मतदाता के घर वोटिंग स्लिप पहुंचाई जाएगी। चुनाव में वीवीपीएटी का इस्तेमाल होगा। अभी से ही गुजरात में आचार संहिता लागू कर दी जाएगी। 102 बूथों पर महिला पोलिंग स्टाफ होगा। बॉर्डर चेकपोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। सभी बड़ी चुनावी रैलियों की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। प्रत्येक प्रत्याशी 28 लाख रुपये खर्च कर सकता है। हर उम्मीदवार को एक अलग बैंक अकाउंट खोलना होगा।
गौरतलब है कि गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 23 जनवरी को खत्म हो रहा है। इससे पहले जब चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था, तब ये सवाल उठे थे कि गुजरात चुनाव की तारीखें क्यों नहीं बताई गईं। बाद में चुनाव आयोग ने कहा कि गुजरात के कुछ इलाकों में बाढ़ के बाद राहत का काम चल रहा है। इस काम में लगे लोगों की चुनाव में ड्यूटी लगा दी जाएगी तो राहत का काम प्रभावित होगा। 2012 में हिमाचल और गुजरात के चुनाव का ऐलान एक साथ किया गया था।

Share to...