April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

किसान आंदोलन में अब लगेगा सियास का तड़का, कई जगह आंदोलनकारियों ने जलाए वाहन

मध्य प्रदेश में उज्जैन संभाग के कई ज़िलों में किसानों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। हिंसक घटनाएं बढ़ रही हैं। इस बीच अब नया सियासी ड्रामा शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को मंदसौर जाएंगे और आंदोलन कर रहे किसानों से बातचीत करेंगे। बीजेपी ने राहुल को वहां न जाने की नसीहत दी है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दिल्ली में कहा कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि उनके मंदसौर जाने से तनाव बढ़ेगा और इसलिए उन्हें इज़ाज़त नहीं दी गई है। तोमर ने ये भी दावा किया कि असामाजिक तत्व भी लोगों को भड़का रहे हैं। उधर मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में बढ़ती हिंसा और तनाव के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस राजनीतिक वजहों से किसानों को भड़का रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने आंदोलन में हिंसा भड़काने का सुनियोजित प्रयास किया था, लेकिन कांग्रेस नेता कमल नाथ ने पलटवार करते हुए कहा कि जब भी बीजेपी किसी मोर्चे पर विफल होती है, तो वो उसके लिए कांग्रेस को ही ज़िम्मेवार ठहरा देती है। उन्होंने कहा कि देश में हज़ारों किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार की नीतियों की वजह से पूरे देश में उनकी बदहाली बढ़ती जा रही है।
बुधवार को मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन के दौरान हुई पुलिस फायरिंग और किसानों की मांगों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की और हालात की समीक्षा की। उधर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि मैं किसानों से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें। मैं हमेशा आप लोगों से बातचीत के लिए उपलब्ध हूं। कृपया अफ़वाहों पर ध्यान न दें।
आज के हालत इतने गंभीर थे कि पुलिसवालों की पिटाई की गई। आंदोलनकारियों ने दुकाने फोड़ी राज्य मार्ग और शहरी हाईवे पर वाहन जलाए।

Share to...