भोपाल: टाइगर व चीता स्टेट मध्य प्रदेश के बाघ और चीते शिकारियों के निशाने पर हैं। मध्य प्रदेश में टाइगर और चीतों की लगातार बढ़ती संख्या लोगों के लिए अच्छी खबर तो है, लेकिन टाइगर के बाद अब चीतों को भी शिकारी अपना निशाना बना रहे हैं। महाराष्ट्र में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक दिन पहले महाराष्ट्र में शिकारियों से बाघ, तेंदुए और चीते की खाल बरामद की है। इसने चीतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर आंकड़ों के मुताबिक पिछले पांच सालों में देश में बाघों के अंगों की जब्ती के 65 मामले सामने आए हैं, इसमें 23 मामले सिर्फ MP के हैं।
🚨 पहली बार जब्त हुई चीता की खाल
26 नवंबर को राजस्व खुफिया निदेशालय यानी DRI ने महाराष्ट्र में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए किंग कोबरा का जहर, बाघ, तेंदुआ और चीता की खाल सहित शिकार में उपयोग होने वाली राइफल बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 6 शिकारियों और तस्करों को पकड़ा गया है। हालांकि यह साफ नहीं है कि जब्त की गई चीता की खाल शिकारियों के पास कहां से आई है। इसके पहले 23 जुलाई को आगरा वन विभाग ने चार तस्करों से 10 तेंदुओं की खाल और सिर बरामद किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे चीतों की खाल MP के शिवपुरी से लेकर आते हैं।
मध्य प्रदेश में वन्यजीवों का लगातार शिकार हो रहा है। हालांकि महाराष्ट्र में जब्त की गई चीता की खाल का मामला चौंकाने वाला है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि चीता की खाल कहां से लाई गई और शिकार कहां हुआ है। देश में सिर्फ मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चीते खुले में घूम रहे हैं और कूनो में तेंदुए के शिकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
🔍 मामले की CBI जांच की मांग
घटना के बाद मध्य प्रदेश के बाघों और चीतों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने कहा कि “देश में सिर्फ कूनो में ही खुले जंगल में चीते घूम रहे हैं। कूनो में पिछले महीने भी चीते का शिकार हुआ है। चीता की खाल मिलने के मामले में CBI जांच की जानी चाहिए। इसको लेकर वे CBI जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट भी गए हैं।
अजय दुबे ने कहा कि जब्त की गई बाघ की खाल माधव नेशनल पार्क से गायब हुए टाइगर की हो सकती है, जो दो साल से गायब है। हाल ही में अगस्त में आगरा में भी एक गैंग पकड़ाई थी, जिन्होंने कूनो में तेंदुए का शिकार किया था। यह शिकार कूनो क्षेत्र में किया गया था।”
📊 5 सालों में 65 बाघों के अंग जब्त
वन्यजीवों का शिकार कर उनके अंग बेचने वाले शिकारी मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व सहित दूसरे राज्यों में सक्रिय हैं। NTCA के मुताबिक 2021 से अभी तक देश में बाघों के अंगों की जब्ती के 65 मामले सामने आए हैं। इनमें 23 मामले सिर्फ मध्य प्रदेश के ही हैं। टाइगर, लेपर्ड और चीता स्टेट मध्य प्रदेश के लिए यह चिंताजनक तथ्य है। रिपोर्ट के मुताबिक शिकार के 80 फीसदी मामले टाइगर रिजर्व के बाहर के दर्ज हुए हैं।
इससे साफ है कि MP के टाइगर रिजर्व के बाहर क्षेत्रों में टाइगर शिकारियों के निशाने पर हैं। प्रदेश में कोर एरिया के बाहर बड़ी संख्या में न सिर्फ टाइगर घूम रहे हैं, बल्कि उनकी मौत भी हो रही है। पिछले 11 महीने में ही मध्य प्रदेश में 52 बाघों की मौत हुई है।
🐯 11 महीने में 52 बाघों की मौत
देश में जनवरी 2026 से अभी तक 154 बाघों की मौत हुई है, इसमें मध्य प्रदेश में 52 बाघ शामिल हैं। इनमें बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 10, रातापानी टाइगर रिजर्व में 6, पन्ना टाइगर रिजर्व में 5, पेंच टाइगर रिजर्व में 5, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 2 बाघों की मौत हुई है। वहीं ज्यादातर बाघ टाइगर रिजर्व के बाहर मृत मिले हैं।
वन विभाग के रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया के मुताबिक “आमतौर पर बाघों की मौत असामान्य घटना नहीं है। जंगल में कई बार आपसी लड़ाई आदि की वजह से बाघों की मौत होती रहती है, लेकिन बाघों को तार के फंदे लगाकर शिकार किए जाने और शिकारियों द्वारा शिकार किए जाने की घटनाएं चिंताजनक है।
टाइगर रिजर्व के आसपास शिकारी लगातार घूम रहे हैं, बल्कि वन्यजीवों का शिकार भी कर रहे हैं। टाइगर के अलावा तेंदुओं का बड़ी संख्या में शिकार हो रहा है, क्योंकि यह संख्या में ज्यादा हैं और जंगल में आसानी से मिल जाते हैं। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में साल 2012 से 2025 के दौरान टाइगर की पोचिंग के 81 मामले सामने आए हैं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत बनाए जाने की जरूरत है।”

More Stories
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई
School Building Proposal Updates: 41 बच्चों में नियमित उपस्थिति और संतोषजनक पढ़ाई, नए भवन का प्रस्ताव राज्य शिक्षा केंद्र को भेजा