November 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला

उमरिया: क्रिकेट के मैदान पर अपनी फिरकी से दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को चकमा देने वाले भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी और पद्मश्री से सम्मानित अनिल कुंबले रविवार को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे। यहां उन्होंने क्रिकेट की दुनिया से हटकर जंगल, वन्यजीवों और उनकी सुरक्षा से जुड़े वन कर्मियों के साथ अपना अनुभव साझा किया। ताला स्थित एक केंद्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों से आत्मीय बातचीत की। इस दौरान उनका एक संदेश वन अमले के लिए खास रहा कि जंगल की सुरक्षा में दिन-रात जुटा हर वनकर्मी उनके दिल के करीब है।

🐯 बांधवगढ़ पहुंचे क्रिकेटर अनिल कुंबले

वन्यजीव प्रेमी अनिल कुंबले कर्नाटक राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं और वर्तमान में कर्नाटक के वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उनके बांधवगढ़ आगमन पर वन विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय, उपसंचालक, SDO, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, रेंजर अधिकारी तथा प्रशिक्षु वनरक्षक उपस्थित रहे।

⚾ कुंबले जबड़ा टूटने के बावजूद पट्टी बांधकर की थी गेंदबाजी

कार्यक्रम की शुरुआत में खतौली परिक्षेत्र अधिकारी स्वस्ति श्री जैन ने अनिल कुंबले के क्रिकेट जीवन की प्रमुख उपलब्धियों से उपस्थित वन कर्मियों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि कुंबले टेस्ट क्रिकेट में 619 विकेट लेने वाले भारत के सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं। फरवरी 1999 में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ एक ही पारी में सभी 10 विकेट लेकर उन्होंने इतिहास रचा था। सन 2002 में एंटीगुआ टेस्ट के दौरान जबड़ा टूटने के बावजूद पट्टी बांधकर गेंदबाजी करना उनके अदम्य साहस का उदाहरण है।

क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने कहा कि जिस तरह क्रिकेट की दुनिया में सफलता वर्षों के निरंतर अभ्यास, धैर्य और मेहनत से मिलती है, इस तरह बाघों और वन्यजीवों का संरक्षण भी निरंतर परिश्रम और समर्पण मांगता है। उन्होंने कहा कि अनिल कुंबले जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों का वन्यजीव संरक्षण के प्रति जुड़ाव वन विभाग के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाता है।

इसके बाद आयोजित खुले संवाद सत्र में अधिकारियों, रेंजर स्टाफ और प्रशिक्षु वनरक्षकों ने कुंबले से उनके क्रिकेट सफर और वन्यजीव संरक्षण को लेकर सवाल पूछे, जिसका उन्होंने सहज अंदाज में जवाब दिया। अपनी सफलता का श्रेय निरंतरता, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दिया।

🌲 वन विभाग की जिम्मेदारी भी किसी चुनौतीपूर्ण खेल

अनिल कुंबले ने कहा कि “वन विभाग की जिम्मेदारी भी किसी चुनौतीपूर्ण खेल से कम नहीं है। जंगलों में दिन-रात गश्त करना, कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाना और वन्यजीवों की सुरक्षा करना समर्पण और धैर्य का काम है।” उन्होंने प्रशिक्षु वनरक्षकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और लगन से करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर मध्य प्रदेश वन विभाग की ओर से अनिल कुंबले को बाघ का छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। क्रिकेट के मैदान में इस दिग्गज का वन कर्मियों के बीच पहुंचकर उन्हें उत्साहित करना बांधवगढ़ के लिए यादगार अवसर रहा।

Share to...