धार: शहर की पहचान रहे पारंपरिक जलस्रोत अब संरक्षण के इंतजार में हैं। साढ़े बारह तालाबों की नगरी के रूप में पहचाने जाने वाले धार में 100 से अधिक बावड़ियां होने का उल्लेख मिलता है। इनमें कई बावड़ियां अपनी स्थापत्य कला और पारंपरिक जल प्रबंधन व्यवस्था के लिए जानी जाती थीं, लेकिन समय के साथ रखरखाव की कमी और कचरे के कारण कई बावड़ियां बदहाल होती गईं।
कुछ बावड़ियों के जलस्रोतों का अस्तित्व भी समाप्त हो चुका है। ऐतिहासिक अध्ययन में पुराने तालाबों और बावड़ियों की आपसी जल निकासी व्यवस्था का उल्लेख मिलता है। सिद्धनाथ तालाब के सूखने और उसके क्षेत्र में बस्तियां विकसित होने का भी जिक्र है। ऐसे में सवाल है कि शहर की इस ऐतिहासिक जल विरासत को बचाने के लिए अब तक कितने ठोस प्रयास हुए हैं।
🌊 ‘डग-डग रोटी, पग-पग नीर’
सामाजिक कार्यकर्ता नवनीत जैन के अनुसार, ”धार की पारंपरिक जल संरचना दूसरे शहरों के लिए भी आदर्श मानी जाती थी। मालवा क्षेत्र की पहचान ‘डग-डग रोटी, पग-पग नीर’ की कहावत से होती थी। शहर में 100 से अधिक बावड़ियां थीं, जिनमें कई मंदिरों के आसपास निर्मित थीं और स्थापत्य कला की दृष्टि से महत्वपूर्ण थीं।”
🤝 नागरिकों की भागीदारी के बिना उद्देश्य अधूरा
समय के साथ बावड़ियों में कचरा फेंके जाने और देखरेख नहीं होने से कई बावड़ियां समाप्त होती चली गईं। उन्होंने कहा कि, ”शासन द्वारा बावड़ी उत्सव जैसे आयोजन किए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के बिना इनका उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता है। जलस्रोतों को बचाने के लिए नियमित देखरेख और जनभागीदारी जरूरी है।”
🏗️ मुनीम और लालबाग बावड़ी की हुई सफाई
नगर पालिका CMO विश्वनाथ सिंह ने बताया, “शहर की ऐतिहासिक बावड़ियों को पुनर्जीवित करने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत मुनीम की बावड़ी और लालबाग की बावड़ी की सफाई कराई गई है। इनमें बोर के माध्यम से पानी भी डाला गया है। आगे की कार्ययोजना तैयार करने के लिए इंदौर से जल विशेषज्ञ को बुलाया गया था।”
विश्वनाथ सिंह के अनुसार, ”शहर की 9 अन्य बावड़ियों को भी चिह्नित किया गया है, जिनमें पानी उपलब्ध है। इनका उपयोग फायर ब्रिगेड और सिंचाई जैसे कार्यों में किया जा सकता है। इसके अलावा जिन बावड़ियों में प्राकृतिक रूप से पानी आ रहा है, उनके पानी को शहर के उपयोग में लेने की योजना है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर के कुओं, बावड़ियों और तालाबों की सफाई भी कराई गई थी। अब सवाल यह है कि सफाई और चिह्नांकन के बाद इन जलस्रोतों के स्थायी संरक्षण की योजना कब जमीन पर उतरेगी।”

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई