November 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Jeeran Land Dispute Updates : मंदसौर अभिलेखागार में मिली थीं प्रतियां, सती महादेव मंदिर जमीन विवाद सुलझने की उम्मीद

नीमच: देश में आज भी कई ऐसे गांव हैं, जो किसी न किसी मूलभूत सुविधाओं के लिए मोहताज हैं। कहीं बिजली, पानी तो कहीं अस्पताल, सड़क और घर की समस्या, लेकिन मध्य प्रदेश के नीमच का एक गांव ऐसा है, जो 40 सालों से राजस्व के नक्शे की समस्या से जूझ रहा है। राजस्व रिकॉर्ड का नक्शा अपडेट नहीं होने से किसानों और आम नागरिकों को जमीन संबंधी कामकाज में परेशानी उठानी पड़ती है।

📜 40 सालों से नक्शे की समस्या से जूझ रहा जीरन

नीमच के सबसे बड़े आबादी वाले गांव और तहसील जीरन के रहवासी 40 सालों से राजस्व नक्शे की समस्या से जूझ रहे हैं। राजस्व रिकॉर्ड में नक्शा अपडेट नहीं होने के कारण किसानों और आम नागरिकों को जमीन संबंधी कामकाज में परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब करीब एक साल पहले जीरन का पुराना राजस्व नक्शा मिल चुका है, तो अब तक उसे सरकारी रिकॉर्ड में अपडेट क्यों नहीं किया गया। मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का दावा है कि 15-20 दिन में नक्शा ऑनलाइन हो जाएगा, किसान उसे डाउनलोड कर सकेंगे।

📂 मंदसौर के अभिलेखागार में मिली नक्शे की प्रतियां

दरअसल पूर्व में तत्कालीन नीमच एसडीएम ममता खेड़े के मार्गदर्शन में जीरन तहसीलदार नवीन गर्ग, पटवारी मनोहर पाटीदार सहित अन्य सदस्यों की टीम ने जीरन का राजस्व नक्शा तलाशने की पहल की थी। टीम को इस प्रयास में सफलता मिली और मंदसौर के अभिलेखागार में जीरन नगर सहित आसपास के क्षेत्र के राजस्व नक्शे की प्रतियां मिली थीं। इससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने की उम्मीद जगी।

📢 कलेक्टर के सामने उठाया था मुद्दा

एक साल पहले नक्शा मिलने के बाद भी सरकारी रिकॉर्ड में अपडेट नहीं होने का मामला जनविश्वास अभियान के जीरन शिविर में जिला कलेक्टर के सामने उठाया गया था। नगर वासियों ने मांग की थी कि जीरन का नगर एवं राजस्व नक्शा जल्द अपडेट कर उसे अस्तित्व में लाया जाए। इस पर अधिकारियों की ओर से आश्वासन भी मिला था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

💻 तहसीलदार ने 15 दिन में अपडेट कराने का दिया आश्वासन

वहीं मामले में तहसीलदार नवीन गर्ग ने बताया कि, “संभावना है कि 15 दिन में नक्शा किसानों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मिलने लगेगा। नक्शा लागू होने से किसानों को अपने खेत की सीमाएं पता चलेंगी। नक्शे की वजह से जो पुराने विवाद पेंडिंग हैं, उनका निराकरण होगा। सरकारी जमीनों की सीमाएं पता चलेंगी, जिससे कि सरकारी जमीन को सुरक्षित किया जाएगा।”

🛕 सती महादेव मंदिर जमीन विवाद सुलझने व भूमाफियाओं पर कार्रवाई की उम्मीद

तहसीलदार नवीन गर्ग ने आगे कहा, “वर्षों पुराना सती महादेव मंदिर जमीन विवाद का जो मामला है, वह भी सुलझेगा। जहां पर भूमाफिया कब्जा करके बैठे थे, उनके ऊपर भी कार्रवाई करने में काफी सहायता मिलेगी।”

Share to...