November 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Tanushree Meena Ashi Sharma Updates: दिसंबर में MP के कई IAS-IPS अफसरों के घर बजेगी शहनाई, जानें किन अधिकारियों की होगी शादी

भोपाल: मध्य प्रदेश में इन दिनों IAS अफसरों के हाथ पीले होने का शुभ मुहूर्त आया है। नवंबर के आखिरी हफ्ते से यह शुरुआत हो गई है और दिसंबर तक IAS और IPS अफसरों की कई जोड़ियां बनने जा रही हैं। पहली IAS जोड़ी वह है जिसकी मध्य प्रदेश ही नहीं पंजाब में भी जमकर चर्चा है।

भोपाल में जन्मी और स्कूलिंग के बाद दिल्ली से BA और LLB की डिग्री ले चुकीं पल्लवी मिश्रा की शादी, पंजाब कैडर के IAS डॉ. आदित्य शर्मा के साथ भोपाल में धूमधाम से हुई। पल्लवी भी इंटर कैडर ट्रांसफर के बाद अब पंजाब कैडर से ही IAS हैं। दिसंबर में मध्य प्रदेश में ही पोस्टेड 4 IAS और 1 IPS अधिकारी की भी शादी की तैयारियां चल रही हैं। यानी 2026 का साल जाते-जाते IAS और IPS की जोड़ियां बनवाकर जाएगा।

🌟 सुर्खियों में पंजाब कैडर का IAS कपल

ऐसा इत्तेफाक कम ही होता है कि एक ही परिवार में सिस्टम बनाने वाले, सिस्टम को संभालने वाले और फिर उसे आईना दिखाने वाले भी मौजूद हों। पंजाब कैडर की IAS अफसर पल्लवी मिश्रा और पंजाब कैडर के IAS डॉ. आदित्य शर्मा का पॉवर कपल इन दिनों सुर्खियों में है।

फर्स्ट अटेम्प्ट में ही UPSC में 70वीं रैंक के साथ IAS बने आदित्य ने MBBS किया था, लेकिन मेडिकल के प्रोफेशन के बजाय सिविल सेवा को चुना। उधर पल्लवी मिश्रा ने BA LLB और मास्टर्स की डिग्री लेने के बाद UPSC का इम्तिहान दिया। खास बात यह है कि पल्लवी ने बिना कोचिंग किए UPSC में 73वीं रैंक हासिल की। पल्लवी मिश्रा फिलहाल अमृतसर में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर हैं, जबकि उनके पति डॉ. आदित्य शर्मा तरनतारन में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर हैं।

👨‍👩‍👧‍👦 भाई भी IPS और पिता सुप्रीम कोर्ट के सीनियर वकील

पल्लवी मिश्रा IAS हैं तो उनके भाई आदित्य मिश्रा IPS। भाई आदित्य की मेहनत और मुकाम ही इंस्पिरेशन बना और पल्लवी ने भी वकालत की तरफ बढ़ रहे कदमों में ठहरकर UPSC का रुख किया। बगैर कोचिंग के भाई के गाइडेंस और दिन-रात की मेहनत के बूते 73वीं रैंक हासिल की। इस पूरी कहानी में पिता सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अजय मिश्रा का संघर्ष भी है, जो बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए परिवार को भोपाल में छोड़कर अकेले जबलपुर में वकालत करते रहे।

🎖️ IPS आदित्य मिश्रा को मिला नक्सल ऑपरेशन का वीरता पुरस्कार

IAS पल्लवी मिश्रा के भाई आदित्य मिश्रा इस समय देवास जिले में SP के पद पर हैं। बालाघाट में रहते हुए नक्सल ऑपरेशन में उनकी खास भूमिका रही है, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति के वीरता पदक से भी सम्मानित किया गया है। हॉक फोर्स में रहते हुए उन्होंने बालाघाट के नक्सल ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई।

IPS आदित्य मिश्रा कहते हैं, “मैं यह मानता हूं कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप इंटेलिजेंट हो सकते हैं, लेकिन हार्ड वर्क का कोई सब्स्टीट्यूट नहीं है।” वे कहते हैं डिस्ट्रैक्शन्स बहुत होते हैं, लेकिन सेंस ऑफ पर्पस जब आने लगते हैं तब आप यात्रा का आनंद लेने लगते हैं।

IPS आदित्य मिश्रा कहते हैं, “मेरे परिवार ने मुझे यह सिखाया कि अगर आप प्रिविलेज्ड हैं तो आपको यह समझना चाहिए कि कई लोगों को यह भी हासिल नहीं है। तो आपको इस प्रिविलेज का बेजा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।” एयरोस्पेस कंपनी का ऑफर छोड़कर आदित्य ने सिविल सेवा की तैयारी की थी। बहन पल्लवी को भी भाई आदित्य ने ही गाइड किया।

🎊 मध्य प्रदेश के IAS और IPS अफसरों के आंगन में भी शहनाई

दिसंबर के महीने में मध्य प्रदेश में ही पोस्टेड 4 IAS अफसर शादी के बंधन में बंधेंगे। इनमें इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त पद पर पोस्टेड IAS अर्थ जैन इसी दिसंबर में शादी करने जा रहे हैं। वहीं बालाघाट में जिला पंचायत की CEO IAS तनुश्री मीणा के भी हाथ पीले होंगे। धार में सहायक कलेक्टर IAS आशी शर्मा के घर भी शहनाई इसी दिसंबर में बजेगी।

Share to...