November 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Bhanu Gurjar KP Kansana FIR Updates: कार्रवाई व जांच अपडेट: सिर, छाती और पेट में लगी गोलियां, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मुरैना: रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने पहुंचे एक हिस्ट्रीशीटर को बदमाशों ने मौत के घाट उतार दिया। अंबाह बाइपास रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में हमलावरों ने कृष्णा गुर्जर को घेरकर राइफल और अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर, छाती और पेट में गोली लगने से कृष्णा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने कृषि मंत्री के नाती सहित 9 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

🔫 पुरानी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर बदमाश की हत्या

मुरैना में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। अंबाह बाइपास रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में बदमाशों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि खुशियों का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया। रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए होलापुरा निवासी 35 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर कृष्णा गुर्जर की घात लगाकर बैठे 6 से अधिक हमलावरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। सोमवार रात कृष्णा अपने पिता और भतीजे के साथ शादी समारोह में पहुंचा था। खाना खाने के बाद वह गार्डन में टहल रहा था, इसी दौरान धीरज गुर्जर और बंटी गुर्जर उसे सिगरेट पीने के बहाने गार्डन से बाहर ले गए और हत्या को अंजाम दिया।

आरोप है कि बाहर पहले से हथियारों के साथ घात लगाकर बैठे बदमाशों ने कृष्णा को घेर लिया और राइफल और अन्य अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर, छाती और पेट में गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

👮‍♂️ 9 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

CSP कविंद्र चौहान ने बताया, “शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने कृष्णा गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने भानू गुर्जर, KP गुर्जर सहित 9 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SP के निर्देश पर 3 से 4 पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मृतक कृष्णा गुर्जर के खिलाफ मुरैना, ग्वालियर सहित अन्य स्थानों पर 7 से 8 आपराधिक मामले दर्ज थे। वहीं, मुख्य आरोपी भानू गुर्जर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है, वहीं आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।”

⚖️ कृषि मंत्री के नाती का नाम भी आरोपियों में शामिल

नामजद आरोपियों में मुख्य आरोपी भानू गुर्जर निवासी जनकपुर, श्यामवीर गुर्जर, जोगेंद्र गुर्जर, बमरौली निवासी श्यामवीर गुर्जर, बलवीर गुर्जर निवासी पिपरई, कृष्णपाल निवासी नायकपुरा, कल्ला गुर्जर निवासी बीच का पुरा अम्बाह सहित अन्य आरोपियों के नाम शामिल बताए गए हैं।

FIR में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के नाती कृष्णपाल उर्फ KP कंषाना का नाम भी शामिल है। KP कंषाना की पत्नी ऊषा कंषाना वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हैं। अस्पताल के बाहर धरना देकर मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

🕵️‍♂️ 6 महीने पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे करीब 6 महीने पुराना विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक कृष्णा गुर्जर और आरोपी पक्ष के कुछ लोग पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। मृतक कृष्णा के खिलाफ अलग-अलग थानों में 7 से 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी भानू गुर्जर और श्यामवीर गुर्जर के खिलाफ भी आधा दर्जन संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं।

Share to...