भोपाल: शादी-विवाह समारोह आदि के लिए आप सोने की ज्वेलरी खरीद रहे हैं, तो एक बार इसकी अच्छे से परख आप खुद ही कर लें, क्योंकि प्रदेश की ज्वेलरी शॉप पर सोने की ज्वेलरी की सैंपलिंग का जिम्मा भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के सिर्फ 24 कर्मचारी-अधिकारी के भरोसे ही है। BIS के अधिकारियों के मुताबिक एक दिन में उनके द्वारा तीन से चार ज्वेलरी शॉप पर ही सैंपलिंग की जाती है, जबकि प्रदेश में हॉलमार्किंग वाले 19 जिलों में ज्वेलरी शॉप की संख्या ही करीबन साढ़े तीन हजार से ज्यादा है। इस लिहाज से हिसाब लगाया जाए तो एक बार सैंपलिंग के बाद उसका नंबर करीबन ढाई साल बाद आ सकता है।
📊 CAG ने उठाए सवाल
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी CAG ने अपनी एक ड्राफ्ट रिपोर्ट में सरकारी संस्था भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा पंजीकृत ज्वेलर्स की दुकानों की जांच को लेकर सवाल खड़े किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक CAG ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि BIS की यह जिम्मेदारी है कि वह साल में कम से कम एक बार पंजीकृत ज्वेलर्स की दुकानों पर जाकर यह निर्धारित करें कि वहां वाकई मानक के अनुसार शुद्ध सोने की ज्वेलरी बेची जा रही है।
रिपोर्ट में सामने आया है कि बीते 5 सालों के दौरान BIS 80 फीसदी से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वेलर्स की दुकान में जांच करने ही नहीं पहुंचा। देश भर की BIS से रजिस्टर्ड लाइसेंसधारी ज्वेलर्स की संख्या साल 2024-25 में 28 हजार 865 थी, लेकिन BIS के अधिकारी-कर्मचारियों ने सिर्फ 5 हजार 444 दुकानों की ही जांच की है।
🗺️ मध्य प्रदेश में हालात अलग नहीं
इस मायने में मध्य प्रदेश की स्थिति भी अलग नहीं है। भारतीय मानक ब्यूरो के भोपाल शाखा के निदेशक और सीनियर साइंटिस्ट मोहम्मद रिजवान बताते हैं कि “मध्य प्रदेश में 19 जिलों में हॉलमार्किंग वाली सोने की ज्वेलरी ही बेची जा सकती है। इन 19 जिलों में हॉलमार्किंग को अनिवार्य कर दिया गया है। इनमें बालाघाट, भोपाल, भिंड, छतरपुर, छिंदवाड़ा, देवास, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, कटनी, खंडवा, मुरैना, नीमच, रतलाम, रीवा, सतना, उज्जैन, सागर, विदिशा जिले शामिल हैं।”
⏳ दूसरी बार सैंपल लेने में दुकान का नंबर दो साल बाद आता है
मध्य प्रदेश के इन शहरों में करीबन 3500 ज्वेलरी शॉप हैं। प्रदेश के इन जिलों में अब बिना हॉलमार्क वाली ज्वेलरी नहीं बेची जा सकती। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित ज्वेलर्स पर कार्रवाई की जा सकती है, इसमें 1 लाख रुपए तक के जुर्माने और छह माह तक की सजा का प्रावधान है। हालांकि देखा जाए तो ज्वेलरी शॉप पर हॉलमार्किंग वाली ज्वेलरी बेची जा रही है या नहीं, इसके लिए BIS को इन दुकानों की जांच करनी होती है, लेकिन प्रदेश की इन दुकानों का जिम्मा सिर्फ 24 सीनियर साइंटिस्ट और कर्मचारियों के भरोसे है।
BIS की भोपाल शाखा में पदस्थ यह कर्मचारी-अधिकारी समय-समय पर ज्वेलरी शॉप से सैंपल कलेक्ट करते हैं। मोहम्मद रिजवान ने बताया कि एक दिन में 3 से 4 दुकानों से सैंपल कलेक्ट किए जाते हैं। हालांकि इस तरह से देखा जाए तो एक साल में 247 वर्किंग डे के हिसाब से एक ज्वेलरी शॉप से दूसरी बार सैंपल कलेक्ट करने के लिए उसका नंबर ही करीबन दो साल बाद आएगा।
💬 अधिकारी बोले लोग नहीं करते शिकायत
भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल शाखा के निदेशक मोहम्मद रिजवान कहते हैं कि आमतौर पर सोने की ज्वेलरी को लेकर लोग शिकायत ही नहीं करते, हालांकि उन्होंने इसे गोपनीय आंकड़ा बताते हुए यह बताने से इंकार कर दिया कि बीते एक साल में उनके पास कितने खरीददारों ने सोने की ज्वेलरी में गड़बड़ी की शिकायत की है। वे कहते हैं कि जब भी शिकायत आती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाती है। हाल ही में सागर में एक ज्वेलर्स पर कार्रवाई की गई है। उनके द्वारा बिना हॉलमार्क के सोने की ज्वेलरी बेची जा रही थी, जबकि सागर अब हॉलमार्क वाले शहरों में शामिल हो गया है।
🔍 सोना खरीदते समय यह तीनों निशान जरूर देखें
सोने की ज्वेलरी खरीदते समय खरीदार को सोने की ज्वेलरी पर हॉलमार्क के तीन निशान जरूर देखने चाहिए। तीन निशान होने पर ही ज्वेलरी हॉलमार्किंग होती है। इन तीन निशान होने पर ही गोल्ड शुद्ध माना जाता है।
🔱 BIS का लोगो
लोगो: ज्वेलरी पर तीन निशान में सबसे पहले BIS का लोगो होता है। तीन कोनों वाला यह लोगो सबसे पहले होता है, इसके बाद दो अन्य निशान होते हैं।
✨ शुद्धता ग्रेड
शुद्धता ग्रेड: BIS के लोगो के बाद शुद्धता का ग्रेड होता है। इस पर गोल्ड का कैरेट का कोड लिखा होता है। जैसे 22 कैरेट गोल्ड होगा तो उसके लिए लिखा होता है 22 के 916 इसमें 916 का मतलब होता है, गोल्ड 91.6 परसेंट शुद्ध है। यदि 18 कैरेट का होगा तो 750 लिखा होगा यानी यह 75 फीसदी सोना होगा।
🔢 6 अंकों का HUID
इसके बाद 6 अंकों का यूनिक अल्फान्यूमेरिक कोड होता है। मोहम्मद रिजवान के मुताबिक, इसी तरह हर ज्वेलरी का यह 6 अंकों का कोड भी अलग होता है। इसमें ज्वेलरी से संबंधित सभी डिटेल छिपी होती है, जिसे BIS CARE ऐप के जरिए पता लगाया जा सकता है। मोहम्मद रिजवान कहते हैं कि कई ज्वेलर्स BIS का निशान और शुद्धता का ग्रेड तो लिखते हैं, लेकिन उसके आगे तीसरा निशान यानी HUID नहीं लिखते। यदि ऐसा है तो यह हॉलमार्क वाली ज्वेलरी नहीं होती।
📱 ज्वेलरी लेने के बाद ऐसे जांचें उसकी असलियत
हॉलमार्क ज्वेलरी लेने के बाद उस ज्वेलरी की शुद्धता की जांच BIS CARE ऐप 3.0 से की जा सकती है। इस ऐप को अपने मोबाइल पर डाउनलोड करें। इसके बाद इसमें ज्वेलरी पर अंकित छह अंकों के HUID नंबर को डालें। इसे डालते ही इसमें आपको आर्टिकल यानी संबंधित ज्वेलरी का वजन और उसकी शुद्धता का मानक दिखेगा। इसके साथ उस आर्टिकल का फोटो भी इसमें दिखाई देगा। यदि फोटो और वजन आदि वहीं है, जो दावा किया जा रहा है तो समझें कि वह शुद्ध है।
📢 कहां कर सकते हैं शिकायत
यदि हॉलमार्क वाले 19 शहरों से ज्वेलरी खरीदने के बाद ज्वेलरी में हॉलमार्किंग न होने या मिलावट की आशंका है तो इसकी शिकायत BIS CARE ऐप के जरिए ही की जा सकती है। शिकायत पर कार्रवाई के लिए 45 दिन का समय निर्धारित किया गया है।

More Stories
Mahakaleshwar Temple Sawari Ujjain Updates: धार्मिक अपडेट: शाम 4 बजे मंदिर से शुरू हुई सवारी, पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
Telecom Zone PACS Election Updates: सात जनजातीय उत्पादों के लिए GI टैग प्रस्ताव, PACS चुनाव एक साल बढ़े
Indore Child Prodigy Chess Olympiad Updates: शतरंज चैंपियनशिप और ओलिंपियाड में भी चमके अथर्व, 95% से अधिक अंक हासिल