November 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

England Series Schedule Updates: 26 नवंबर से शुरू होगी 5 टी-20 मैचों की सीरीज, वडोदरा व सूरत में मुकाबले

इंदौर: वर्षों की कठिन साधना, अथक परिश्रम और क्रिकेट के प्रति अदम्य समर्पण ने इंदौर की उभरती प्रतिभाशाली क्रिकेटर अनादि तागड़े को एक बड़ी उपलब्धि के मुकाम तक पहुंचा दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट की अंडर-19 टीम में उनका चयन उपकप्तान के रूप में हुआ है।

🌟 अंडर-19 टीम की उपकप्तानी करेंगी अनादि तागड़े

इंग्लैंड के खिलाफ पांच T-20 मैचों की श्रृंखला में अनादि तागड़े आगामी 26 नवंबर से इंग्लैंड की अंडर-19 महिला टीम के विरुद्ध भारत में होने वाली पांच T-20 मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम की उपकप्तानी करेंगी। इस उपलब्धि के साथ ही अनादि मध्य प्रदेश की एकमात्र खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्हें इस भारतीय टीम में स्थान मिला है। भारतीय महिला अंडर-19 चयन समिति ने इंग्लैंड के भारत दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित की है। इसमें भविका अहिरे को कप्तान व अनादि तागड़े को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह श्रृंखला आगामी जनवरी में होने वाले ICC अंडर-19 महिला T-20 विश्व कप 2027 की तैयारियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

🎯 कड़ी मेहनत के दम पर अनादी को मिली जिम्मेदारी

अनादि की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों का कठोर अभ्यास, निरंतर संघर्ष और उनके प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। उन्होंने अपने प्रशिक्षक देवाशीष निलोसे के निर्देशन में लगातार अपने खेल को निखारा है। वहीं, ख्यात क्रिकेटर एवं मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन भी निरंतर मिलता रहा है। इन दोनों के मार्गदर्शन में अनादि ने अपनी गेंदबाजी, खेल कौशल और मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता को निरंतर बेहतर बनाया है।

🏆 अंडर-19 बी टीम की कप्तानी कर चुकी हैं अनादी

अनादि इससे पहले भारतीय अंडर-19 B टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा चुकी हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने चार मुकाबलों में तीन में जीत दर्ज की थी। मैदान पर उनके प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम के प्रति समर्पण को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें अब भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तानी का दायित्व सौंपा है। यह उपलब्धि उनके अब तक के क्रिकेट सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

📅 जानें मैच का शेड्यूल

इंग्लैंड अंडर-19 महिला टीम के विरुद्ध पांच मैचों की यह T-20 श्रृंखला 26 नवंबर से प्रारंभ होगी। इसके पहले दो मुकाबले वडोदरा में व बाकी तीन मुकाबले सूरत में खेले जाएंगे। श्रृंखला का पहला मैच 26 नवंबर, दूसरा 28 नवंबर, तीसरा 1 दिसंबर, चौथा 3 दिसंबर और पांचवां मुकाबला 6 दिसंबर को होगा। अनादि का भारतीय टीम की उपकप्तान बनना केवल उनके परिवार और गुरु के लिए ही नहीं, बल्कि इंदौर और मध्य प्रदेश के लिए भी गौरव का क्षण है।

Share to...