November 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Forest Department Sanjay Maravi Updates: रेस्क्यू किए गए बाघ की भी हो चुकी है मौत, पीड़ित परिवार को मिली महज 14 हजार रुपये की मदद

मंडला: रात्रि में घर के बाहर खाट पर सो रही महिला पर बाघ ने हमला किया। चीखने की आवाज सुनकर बेटा घर से बाहर निकला तो होश उड़ गए। बाघ के जबड़े में फंसी मां की गर्दन देख बेटे के होश उड़ गए। लेकिन आदिवासी नौजवान ने तुरंत खुद को संभाला और पास में पड़ी लाठी के सहारे बाघ से जा भिड़ा। ये देखकर बाघ ने महिला को छोड़ा और जंगल की ओर भाग गया।

खून से लथपथ महिला को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में एक माह भर्ती रहने के बाद महिला घर पहुंच चुकी है, लेकिन महिला ढंग से मुंह नहीं खोल पा रही है। शरीर में कई जगहों पर हुए घाव भर चुके हैं। उस भयानक खौफनाक काली रात का संघर्ष याद कर मां-बेटा सिहर उठते हैं। 50 वर्षीय रमली बाई के साथ ये वाकया 7 अक्टूबर की रात हुआ था।

🩸 लहूलुहान होने के बाद महिला बेहोश

बाघ के हमले से जिंदा बची रमली बाई बताती हैं, “रात के करीब साढ़े 9 बजे वह खाट पर सो रही थीं। इसी दौरान एक बाघ आया और उसने मुझे जबड़े में भरकर खाट से नीचे गिरा दिया। मौत सामने खड़ी थी। मैंने हिम्मत नहीं हारी और जोर से अपने बेटे को आवाज लगाई। बेटा हाथ में लाठी लेकर दौड़ा। बेटे को आता देख बाघ वहां से भाग गया।” इसके बाद महिला बेहोश हो गई। उसके शरीर पर बाघ के हमले के गहरे जख्म थे।

🏥 हमला करने वाला बाघ भी बाद में मौत का शिकार

फौरन वन विभाग को सूचना दी गई। रमली बाई को प्राथमिक उपचार के लिए बहमनी अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर थी, इसलिए डॉक्टर ने उन्हें जबलपुर मेडिकल हॉस्पिटल रेफर कर दिया। एक महीने तक जबलपुर में रमली बाई जिंदगी और मौत से जूझती रहीं। डॉक्टरों की मेहनत और परिवार की दुआओं से रमली बाई मौत के मुंह से बाहर निकल आईं।

एक महीने बाद रमली बाई अपने घर तो लौट आई हैं, लेकिन अभी भी पूरी तरह ठीक नहीं हैं। उन्हें भोजन करने में परेशानी हो रही है। हमला करने वाले बाघ को वन विभाग के अमले ने रेस्क्यू कर पकड़ लिया था, लेकिन अब उस बाघ की भी मौत हो चुकी है।

💰 महिला को केवल 14 हजार रुपये मदद

रमली बाई का बेटा संजय मरावी बताता है, “घटना बड़ी डरावनी थी। मेरी मां बाघ के जबड़े में फंसी थी। कैसे छुड़ाया जाए, कुछ सूझ नहीं रहा था। लेकिन मैं लाठी लेकर बाघ की ओर लपका। मेरी आवाज सुनकर बाघ ने मां को छोड़ा और जंगल की ओर भाग गया। मेरी मां को खाना खाने में अभी भी तकलीफ होती है। वन विभाग से मदद की आस है। तत्काल सहायता राशि के रूप में 9 हजार रुपये मिले और स्थानीय विधायक ने भी 5 हजार की मदद की। लेकिन कोई और मदद कहीं से नहीं मिली।”

Share to...