November 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Police Station Protest Updates: शहर व कानून व्यवस्था अपडेट: मारपीट के बाद थाने पहुंचे घराती-बराती, दूल्हे के परिजनों ने दिया धरना

शाजापुर: शादी हो चुकी थी। विदाई की तैयारी चल रही थी। लेकिन जूता छिपाई की रस्म के साथ ऐसा बवाल खड़ा हुआ कि बारात घर लौटने के बजाए थाने पहुंच गई। अब दुल्हन दूल्हे के साथ जाने को तैयार नहीं है। शादी शाजापुर में हुई थी और बारात उज्जैन से आई थी। अब दूल्हे वाले कह रहे हैं कि पुलिस दुल्हन को बारात के साथ भिजवाए। 1500 लोगों का जो भोज बारातियों ने दिया है, वहां हम क्या मुंह लेकर जाएंगे।

🍽️ 1500 लोगों का खाना रखा है, दुल्हन लिए बिना कैसे जाएं

शाजापुर में हुए एक विवाह के बाद हुए विवाद का यह पूरा मामला है। शादी तो शांति से हो गई लेकिन बाद में विवाद इतना बढ़ा कि लात-घूंसे पिटाई के साथ बराती और घराती कोतवाली थाने पहुंच गए। असल में उज्जैन के राजेंद्र नगर के रहने वाले यादव परिवार की बारात शाजापुर आई थी। विवाह समारोह दुल्हन योग्यता के पिता कैलाश खेर के यहां हुआ। यहीं पर शादी की रस्में पूरी हुईं। लेकिन जूता छिपाई की रस्म के बाद विवाद बढ़ गया।

दूल्हे अनंत ने बताया, “शादी तो शांति से हो चुकी थी। हम विदाई करके उज्जैन जा रहे थे। जूते चुराई की बात हुई। लड़की की बहन और जीजाजी से बात हुई। बहन जो है वह ग्यारह सौ रुपए के लिए मान गई थी। लेकिन बीच में अचानक उनके एक रिश्तेदार चाचा आए और 11 हजार की डिमांड करने लगे।” दूल्हे अनंत का कहना है, “जब मैंने कहा कि जो बड़े हैं आप उनसे बात करो, तो मुझे धक्का देकर मेरी कॉलर पकड़ी। अब बराती यह सब कैसे बर्दाश्त करते तो लड़ाई हो गई। हमारे यहां पंद्रह सौ लोगों का खाना रखा है। कार्ड बंट चुके हैं। शादी हो चुकी है। हम लड़की को लेकर जाना चाहते हैं। लेकिन ये लड़की को नहीं भेज रहे।”

🚔 पहले दुल्हन की विदाई से इंकार, फिर थाने पहुंचे घराती

जब बराती और घराती में विवाद बढ़ा तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने लड़की की विदाई से इंकार कर दिया। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग उनके साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंच गए। पीछे-पीछे लड़के वाले भी गए। दूल्हे के भाई लोकेश का कहना है, “लड़की के चाचा के लड़के ने सारा विवाद किया। हम लोग रात से थाने में बैठे हैं। हम लड़की को ले जाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि पुलिस लड़की को यहां बुलवाए और हमारे साथ भेजे।”

📱 माता पूजन तक शादी के लिए तैयार थी लड़की; पुलिस कर रही जांच

फिलहाल शाजापुर की कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों के बयान और आवेदनों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर दूल्हे की मां सुनीता का कहना है, “लड़की दूल्हे के माता पूजन और बारात निकलने तक वीडियो कॉल के जरिए सब देख रही थी और शादी के लिए तैयार थी। शांति से शादी भी हो गई। वह खुश थी, बात कर रही थी। अब क्या हुआ कि लड़की मना कर रही है। अगर परेशान थी तो पहले मना कर देती। रात को ही मेरा छोरा बारात लेकर चला जाता।” उन्होंने कहा कि या तो लड़की को भेजा जाए या फिर हमारी रकम वापस करें ये लोग। बाद में दूल्हे के परिजन थाने पर धरना देकर भी बैठ गए।

Share to...