नई दिल्ली: आज से संसद का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है। पांच दिवसीय इस संसद सत्र में चार बिल पेश किए जाएंगे। इसके साथ ही वन नेशन वन इलेक्शन बिल पर भी सबकी निगाहें रहेंगी।
संसद में ये चार बिल किए जाएंगे पेश
अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक, 2023
प्रेस और आवधिक पंजीकरण विधेयक, 2023
डाकघर विधेयक, 2023
मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यालय की अवधि) विधेयक, 2023
केंद्र सरकार द्वारा संसद के विशेष सत्र में बताए गए एजेंडा में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विधेयक को लेकर बात नहीं की गई है। लेकिन विपक्षी दलों को आशंका है कि सरकार इस सत्र में कुछ बड़े मामलों पर बिल ला सकती है। इन चार में से पहले दो बिल को 3 अगस्त को राज्यसभा में पारित किया गया था। उन पर विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में चर्चा की जाएगी। बाकी दो पर राज्यसभा में चर्चा होगी।
संसद के विशेष सत्र में सोमवार को ‘संविधान सभा से शुरू हुई 75 साल की संसदीय यात्रा-उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख’ पर चर्चा होगी। सोमवार को भाजपा के लोकसभा सांसद सुनील कुमार सिंह और गणेश सिंह विशेषाधिकार समिति की छठी रिपोर्ट पेश करेंगे।
इस बात की भी चर्चा है कि संसद के विशेष सत्र में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विधेयक और इंडिया का नाम बदलकर भारत करने का प्रस्ताव लाया जा सकता है। पिछले कई सप्ताह से इन मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों और केंद्र सरकार के बीच विवाद चल रहा है।
महिला आरक्षण विधेयक को भी पेश किए जाने की संभावना है। कांग्रेस के नेता विशेष सत्र के दौरान इस पर जोर देने की तैयारी कर रहे हैं। रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सभी विपक्षी दलों ने इस संसद सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की मांग की। विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
सोमवार को संसद की कार्यवाही पुराने संसद भवन में होगी। मंगलवार को गणेश चतु्र्थी के दिन संसद की कार्यवाही नए भवन में शुरू होगी। विदित हो कि 28 मई को इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। वही 17 सितंबर रविवार को उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के अध्यक्ष जगदीप धनखड़ ने नए संसद में झंडा फहराया। इस कार्यक्रम में विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हुए।
आज से शुरू हो रहें संसद सत्र को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित