April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

32 हजार रुपये सैलरी फिर भी युवक ने शोरूम में ही शातिर तरीके से की चोरी, असली की जगह रखे नकली जेवर

इंदौर: ज्वेलरी शोरूम पर 32 हजार रुपये महीने की नोकरी करने वाले युवक को इतनी सैलरी भी कम लग रही थी कि युवक ने शोरूम में ही शातिर तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया और फरार हो गया।

इंदौर विजय नगर पुलिस ने तनिष्क शोरूम में काम करने वाले नौकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नौकरी करने के दौरान शोरूम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और उसके बाद फरार हो गया था।

दरअसल इंदौर विजय पुलिस ने तनिष्क शोरूम में लाखों रुपये की चोरी करने वाले नौकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी आशीष जादव ने बताया की उसने आर्थिक परेशानी के कारण शोरूम से धीरे-धीरे कर सात सोने के आइटम चुराए और उसकी जगह नकली ज्वैलरी के आइटम रख दिए। आरोपी लगभग डेढ़ माह तक धीरे-धीरे कर सोने के आइटम चुराकर उसके बदले में नकली ज्वेलरी के आइटम रख देता था और जैसे ही लगभग चार लाख रुपए के आइटम उसके हाथ लग गए तो उसने नौकरी से रफू चक्कर होने का रास्ता ढूंढ लिया।

चोरी करने के बाद वह चोरी का सामान लेकर मुंबई, गोवा और सिकंदराबाद फरार हो गया। इस दौरान आरोपी ने मुंबई और गोवा में चोरी का आइटम बेच दिया। हालांकि शोरूम के माध्यम से पुलिस तक इस बात की जानकारी पहुंच चुकी थी कि शोरूम में चोरी हुई है जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किये तो आरोपी हरकत करता हुआ दिखाई दिया जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी लेकिन आरोपी पुलिस गिरफ्त में आने के पहले ही फरार हो गया था।

लगभग 3 माह की फरारी काटने के बाद आरोपी को अपने परिवार की याद आई और वह मिलने चला आया। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिल गई और आरोपी आशीष जादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को शोरूम पर 3 माह पहले ही 32000 रुपए महीना तनख्वाह पर रखा गया था। इतनी ज्यादा सेलरी होने के बावजूद आरोपी युवक ने चोरी की घटना कारित की और आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कुछ माल तो पुलिस ने आरोपी से बरामद कर लिया है लेकिन कुछ माल आरोपी बेच चुका है।

Share to...